ElectionState News

जगदलपुर की सीट जतिन जायसवाल कांग्रेस प्रत्याशी… डार्क हार्स साबित हुए जतिन…

Getting your Trinity Audio player ready...

इम्पेक्ट न्यूज। जगदलपुर।

कांग्रेस ने आज 53 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। इसमें से पहले चरण के लिए लंबित जगदलपुर शहर के लिए जतिन जायसवाल का नाम शामिल किया है। यह नाम चौंकाने वाला रहा। पर वर्तमान विधायक रेखचंद जैन की टिकट काटकर जतिन को दिए जाने के बाद यकायक पूरा राजनीतिक परिदृश्य ही बदल गया।

टिकट की घोषणा होते ही रेखचंद सीधे  जतिन जायसवाल के घर पहुंचे और अपने पूर्ण समर्थन का दावा कर हर तरह के विवाद को एक ही झटके में खत्म कर दिया। यानी अब इस सीट से कांग्रेस मेंं अंतरकलह या विवाद जैसी कोई स्थिति नहीं है।

जगदलपुर की यह सीट कई मायनों में महत्वपूर्ण है यहां जतिन डार्क हार्स बनकर उभरे हैं। जतिन जायसवाल जगदलपुर के महापौर भी रह चुके हैं। ऐसे में यह और भी ज्यादा महत्वपूर्ण है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी ने विधायक संतोष बाफना की टिकट काटकर किरण देव को मौका दिया है। यहां अब सीधे दो पूर्व महापौर के बीच सीधी टक्कर है। 

भाजपा में विवाद और कांग्रेस में…

आज कांग्रेस की टिकट घोषित होने से पहले दिन भर पूर्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव शर्मा को टिकट मिलने का हल्ला हो गया। बात यहां तक पहुंची कि क्रेडा अध्यक्ष मिथिलेश स्वर्णकार ने राजीव शर्मा को मिठाई भी खिला दी। राजीव शर्मा के निवास पर सुबह से ही जश्न का माहौल रहा। पर शाम ढलने से पहले जतिन जायसवाल के नाम की टिकट का ऐलान हो गया।

राजनीतिक तौर पर 

जगदलपुर की राजनीति को यदि बारिकी से देखें तो साफ हो जाएगा कि यहां कई मामलों में जमीनी मुद्दों पर चुनाव होता रहा है। जतिन जायसवाल ओबीसी वर्ग से आते हैं। ऐसे में ओबीसी वर्ग को साधने के लिहाज से यह बड़ा फैसला है।

दीपक, लखेश्वर और रेखचंद

जगदलपुर की राजनीति में जतिन को टिकट मिलने के बाद बधाईयों का तांता लगा हआ है। यह साफ हो गया है कि राजीव शर्मा और मिथिलेश स्वर्णकार के हाथ खाली रहे। जबकि पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, वरिष्ठ विधायक लखेश्वर बघेल और वर्तमान विधायक रेखचंद सीधे जतिन जायसवाल के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं। यह बड़ा संकेत है। संभव है संतोष बाफना के जगदलपुर में भाजपा के पक्ष में सक्रिय नही होने का बड़ा लाभ कांग्रेस को मिल सकेगा।

वर्तमान विधायक रेखचन्द जैन भी टिकट के प्रबल दावेदार थे परंतु भारी विचार विमर्श के बीच जतिन को प्रत्याशी बनाया, प्रत्याशी घोषणा होते ही जगदलपुर के संवेदनशील विधायक रेखचंद जैन अपने सभी साथियों सहित कांग्रेस भवन पंहुचकर विधायक प्रत्याशी जतिन जायसवाल को बधाई दी, रेखचंद जैन ने जतिन को तुरंत अपना साथ देकर अनुकरणीय कार्य किया है।

संसदीय सचिव एवं विधायक रेखचंद जैन हमेशा से कांग्रेस पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता के रुप में जाने जाते हैं, इसके पूर्व 2013 में भी कांग्रेस प्रत्याशी सामू कश्यप का रेखचंद जैन ने पूरा साथ दिया था, जैन की सदाशयता सदैव चर्चा में रही है। बुधवार शाम जैसे ही जतिन जायसवाल की टिकट फायनल हुई श्री जैन ने उन्हें मोबाइल पर बधाई दी और चर्चा की।

कांग्रेस भवन अपने सहयोगियों के साथ जाकर उन्होने विधानसभा चुनाव में पूरी एकजुटता के साथ काम करने का संकल्प लेकर श्री जायसवाल को भारी मतों से जिताने का आव्हान किया। इस दौरान श्री जैन के साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता परमजीत सिंह जसवाल, सीताराम सेठिया, यशपाल ठाकुर, राजेश राय, गौरनाथ नाग, हेमू उपाध्याय, संतोष सिंह, विजय सिंह, विनोद कुकड़े, कुलदीप भदौरिया, विकास राव, संदीप नवले, समाज सेवी निर्मल लोढ़ा समेत अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।

error: Content is protected !!