ElectionState News

सभी मंत्रियों की टिकट पक्की 7 को कांग्रेस की पहली लिस्ट… पीसीसी पहुंचा 10 सीटों से एक—एक नाम…

Getting your Trinity Audio player ready...

इम्पेक्ट न्यूज। रायपुर।

छत्तीसगढ़ में प्लेइंग इलेवन की टिकट नहीं कटेगी। इस बात के संकेत अब मिलने शुरू हो गए हैं। कांग्रेस ने जो प्रक्रिया तय की थी उसके अनुसार अब पीसीसी तक जिलों से पैनल के नाम पहुंच गए हैं। प्रदेश के 10 सीटों में एक—एक नाम पीसीसी तक भेजे गए हैं। 

इनमें पाटन से भूपेश बघेल, अंबिकापुर से टीएस सिंहदेव, कवर्धा से मोहम्मद अकबर, साजा से रविंद्र चौबे, दुर्ग ग्रामीण से ताम्रध्वज साहू, कोंटा से कवासी लखमा, आरंग से डा. शिव डहरिया, खरसिया से उमेश पटेल, कोरबा से जयसिंह अग्रवाल और अहिवारा से गुरू रूद्रकुमार के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस में सीट की उम्मीद रखने वाले रायपुर जिले की सात में से चार सीटों पर रायपुर पश्चिम, आरंग, अभनपुर से सिंगल नाम भेजे गए हैं। रविवार 3 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक प्रस्तावित है। 

इसमें दावेदारों के नाम पर विचार कर नई सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद चार सितंबर को कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। जिसमें सभी सीटों पर एक—एक नाम तय कर लिए जाएंगे। जहां विवाद की स्थिति होगी वहीं दो नामों का पैनल बनेगा। इसके बाद 6 सितंबर को दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद पहली सूची 7 सितंबर को जारी होने के संकेत हैं।

माना जा रहा है कि कांग्रेस ने अपने प्लेइंग इलेवन को लेकर अपना रूख स्पष्ट कर लिया है कि किसी भी मंत्री का टिकट नहीं कटेगा। यानी सीएम भूपेश अपनी कैबिनेट के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। हालिया टीएस सिंहदेव और ब्रहस्पति सिंह विवाद के बाद कांग्रेस के भीतर  घमासान के स्पष्ट संकेत हैं। 

ऐसे में राजनीतिक संतुलन के लिए कांग्रेस की टैक्टिस पर सभी की निगाहें लगी रहेंगी। माना जा रहा है कि इसके समाधान के लिए जिन सीटों पर विवाद की स्थिति है उसके लिए दिल्ली हाईकमान के निर्णय का ही आसरा रहेगा।

error: Content is protected !!