Crime

रांची में रक्षाबंधन पर खूनी संघर्ष में 3 की मौत… 2 पत्नी समेत काट दिया गया शख्स…

इम्पैक्ट डेस्क.

झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी प्रखंड में रक्षाबंधन की सुबह एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों में पति और उसकी दो पत्नी है। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे तीनों की हत्या दबिया से काटकर की गई है। जमीन और पशु द्वारा फसल चरा देने के विवाद में हत्या की गई है। 

प्रखंड के तिरला गांव में हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। झानेश्वर बेदिया, उसकी पत्नी सरिता देवी और दूसरी पत्नी संजू देवी की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि पुलिस तलाश में जुटी हुई है। 

जानकारी के अनुसार 15 दिन पहले झानेश्वर बेदिया का जानवर उसके गोतिया के खेत में फसल को खा गया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में विवाद भी हुआ था। हालांकि उस दिन कुछ देर बाद दोनों परिवार शांत हो गए थे। लेकिन गुरुवार सुबह करीब 11 बजे झानेश्वर अपनी दो पत्नियों के साथ खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान पास ही उसका गोतियां भी मौजूद था।

कुछ ही देर में दोनों परिवारों के बीच वहीं फिर से विवाद शुरू हो गया। मामला इतना ज्यादा बढ़ गया कि गोतिया ने दबिया से काटकर तीनों को मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया। हालांकि आरोपी के नाम का अभी पता नहीं चला है। घटना के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शवों को पोस्मार्टम के लिए राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान RIMS भेजा गया है।

error: Content is protected !!