Breaking NewsState News

छत्तीसगढ़ में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता धाराशाई, 38 राज्यों में नीचे से पहले से पांचवें नंबर पर है राज्य…

Getting your Trinity Audio player ready...

शिक्षा गुणवत्ता में 30 राज्यों से पिछड़ा

इम्पेक्ट न्यूज। रायपुर।

स्कूली शिक्षा के मामले में छत्तीसगढ़ की स्थिति दयनीय है। केंद्रीय टीम के सेंपल सर्वे में देश के 38 राज्यों में नीचे से पहले से पांचवें पायदान तक ही राज्य की स्थिति है। सर्वेक्षण में राज्य के बच्चों का परफार्मेंस 30 राज्यों से भी पीछे है। स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सहित बच्चों की सीखने की क्षमता को परखने के लिए शिक्षा मंत्रालय ने नवंबर 2021 में सर्वेक्षण कराया था। नेशनल अचीवमेंट सर्वे 2021 की रिपोर्ट जारी होते ही शिक्षा गुणवत्ता की कलई खुल गई है। रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के बच्चे सभी प्रमुख विषयों जैसे भाषा, गणित, अंग्रेजी, पर्यावरण और विज्ञान जैसे विषयों में राष्ट्रीय औसत अंक से काफी कम अंक हासिल किए हैं।

देश के राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में राज्य के कक्षा तीसरी के बच्चों को भाषा में 500 में से औसतन 301 अंक मिले हैं। जबकि देश का औसत अंक 323 है। प्रदेश में 34वां स्थान है। इसी तरह गणित में 32वां, पर्यावरण में 34वां स्थान मिला है। इसी तरह पांचवीं, आठवीं और 10वीं कक्षा में भी बच्चे पिछड़ गए हैं। देश में कुल 1.24 लाख स्कूलों में 38.87 लाख बच्चों पर सर्वे किया गया। इनमें छत्तीसगढ़ से 4,481 स्कूलों से 18,517 शिक्षक और 1,15,995 विद्यार्थियों ने सहभागिता की थी।

नेशनल अचीवमेंट सर्वे 2014 की रिपोर्ट में छत्तीसगढ़ 34वें स्थान पर था। इसके बाद भाजपा सरकार में डा. एपीजे अब्दुल कलाम अभियान चलाया गया था। इसमें हर अधिकारी और प्रतिनिधियों ने स्कूलों की मानिटरिंग की थी। इसके बाद 2017 के सर्वे में सुधार हुआ था। पिछली बार छत्तीसगढ़ देशभर में 18वें पायदान पर था। पिछली बार तीसरी, पांचवीं और आठवीं स्तर के बच्चों की उपलब्धि स्तर जांचने के लिए सर्वे कराया गया था। इस बार तीसरी, पांचवीं, आठवीं और 10वीं के बच्चों का सर्वे कराया गया है।

देखें रिपोर्ट प्रदेश में किस जिले का क्या हाल

nas report card chhattisgarh

देखें रिपोर्ट देश में छत्तीसगढ़ की स्थिति

NAS india report
  • कक्षा तीसरी के लिए कुल अंक – 500 में से भाषा में 301, गणित में 283, पर्यावरण में 289 अंकों के साथ क्रमश: 34वां, 32वां, 34वां स्थान प्राप्त हुआ है।
  • कक्षा पांचवीं में भाषा 295, गणित में 266, पर्यावरण में 269 अंकों के साथ छत्तीसगढ़ देश में 34वां, 33वां और 34वें स्थान पर है।
  • कक्षा 8वीं में पर्यावरण 269, भाषा में 295, गणित में 237, सामाजिक विज्ञान 242, विज्ञान 241 अंक लेकर 33वां, 30 वां और 37वां, 32वां और 31वां स्थान हासिल किया है।
  • कक्षा 10वीं के सर्वे में गणित में 202, अंग्रेजी में 257, सामाजिक विज्ञान में 216, विज्ञान में 189 अंक लेकर 31वां, 36वां, 36वां, 36वां स्थान विषयवार प्राप्त किया है। यानी कुल जमा 38 राज्यों में छत्तीसगढ़ नीचे से पहले से पांचवें स्थान पर ही दिखाई दे रहा है।

मूल्यांकन का मापदंड

  • भाषा: हिंदी में पैराग्राफ पढ़कर समझना और जवाब देना।
  • पर्यावरण व विज्ञान: पर्यावरण में सूझबूझ, आसपास की समझ, विज्ञान से संबंधित सवाल।
  • गणित: जोड़, घटाना, गुणा, भाग, ज्यामिति , आकृति तर्क वाले सवाल।
  • सामाजिक विज्ञान: मानचित्र आधारित , भूगोल के सवाल ।

कोरोना काल में स्थिति ठीक नहीं थी। हमने अपना अलग सर्वे कराया था। वह सभी को साझा भी किया था। केंद्र सरकार की रिपोर्ट में मैं कुछ नहीं कहूंगा। – डा. आलोक शुक्ला, प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा, छत्तीसगढ़

error: Content is protected !!