BeureucrateBreaking News

छत्तीसगढ़ में 21 आईएएस के पदभार बदले गए… निगम मंडल समेत बड़ी ज़िम्मेदारी प्रभावित…

न्यूज़ डेस्क।

राज्य सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल किया है। इसकी जद में अभी भारतीय प्रशासनिक सेवा के 21 अधिकारी आए हैं कृषि उत्पादन आयुक्त रहीं 1997 बैच की अफसर डॉ. एम. गीता को दिल्ली में छत्तीसगढ़ का आवासीय आयुक्त बनाया गया है। उनकी जगह सामान्य प्रशासन सहित कई विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. कमलप्रीत सिंह कृषि सचिव और कृषि उत्पादन आयुक्त की जिम्मेदारी संभालेंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग ने रविवार देर शाम तबादला आदेश जारी किया है। इसके मुताबिक अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू की प्रोफाइल से जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

अभी तक छत्तीसगढ़ भवन, दिल्ली में आवासीय आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रमुख सचिव मनोज कुमार पिंगुआ को अन्य जिम्मेदारियों के साथ प्रमुख आवासीय आयुक्त बनाया गया है। यह व्यवस्था डॉ. एम. गीता को आवासीय आयुक्त बनाने के लिए ही हुई है।

डॉ. गीता पारिवारिक वजह से दिल्ली में रहना चाहती थीं। उसके लिए वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी जाने की कोशिश में थीं। सरकार ने रायपुर विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी भी बदली है। 2014 बैच के अफसर ऋतुराज रघुवंशी को रायपुर विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। अभी तक वे भिलाई नगर निगम के आयुक्त हैं। अभी तक RDA के CEO रहे अय्याज फकीरभाई तंबोली को लेकर अभी कोई आदेश नहीं आया है।

जशपुर कलेक्टर रहते हुए एक युवक को थप्पड़ मारकर चर्चित IAS रणवीर शर्मा को तीन महीने बाद पोस्टिंग मिली है। सरकार ने थप्पड़ कांड के बाद मई में ही उन्हें मंत्रालय बुला लिया था। अब उन्हें सहकारी दुग्ध महासंघ का प्रबंध संचालक के साथ कृषि विभाग में संयुक्त संचालक और राज्य जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन एजेंसी का CEO बनाने का आदेश जारी हुआ है।

एलेक्स पॉल मेनन को सभी पदों से हटाकर छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी का संचालक बनाकर भेजा है। अभी तक वे श्रमायुक्त के साथ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के विशेष सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी की प्रोफाइल अधिक ताकतवर हुई है। उन्हें अन्य जिम्मेदारियों के साथ खनिज साधन विभाग का सचिव भी बना दिया गया है। उनकी प्रोफाइल से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अलग किया गया है।

अविनाश चंपावत को जल संसाधन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव की जिम्मेदारी से हटाकर संसदीय कार्य विभाग का सचिव बनाया गया है। खेल विभाग के सचिव की जिम्मेदारी अब नीलम नामदेव एक्का को दी जा रही है। एक्का अभी तक जन शिकायत और विमानन विभाग देख रहे थे।

छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के MD रहे अभिजीत सिंह को संचालक भू-अभिलेख बनाया जा रहा है। उनके साथ गृह विभाग के संयुक्त सचिव और शासकीय मुद्रण के संचालक की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी रहेगी। हाथकरघा विकास विपणन संघ के प्रबंध संचालक रहे राजेश सिंह राणा को अब पाठ्य पुस्तक निगम संभालना है। उनके पास स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!