CG breaking

गढ़चिरौली में SRPF जवानों ने एक-दूसरे को मारी गोली, दोनों की मौत… छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा के पुलिस केंद्र में थे तैनात…

इम्पैक्ट डेस्क.

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से लगे महाराष्‍ट्र के गढ़चिरौली जिले में स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स (SRPF) के 2 जवानों ने एक-दूसरे को गोली मार दी। दोनों जवान नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली के मरपल्ली गांव के पुलिस सहायता केंद्र में तैनात थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई, जिसके बाद दोनों ने सर्विस राइफल से फायरिंग कर दी। दोनों जवान पुणे के निवासी हैं। गढ़चिरौली पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम नक्सल प्रभावित क्षेत्र मरपल्ली के पुलिस सहायता केंद्र में तैनात श्रीकांत बेयर्ड और बंदू नवाथरे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों इतने आक्रोशित हो गए कि एक-दूसरे पर अपनी सर्विस राइफल से फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनकर पुलिस मदद केंद्र में मौजूद दूसरे जवान मौके पर पहुंचे। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंचे अफसरों ने जवानों के शवों को गढ़चिरौली जिला अस्पताल भिजवाया। 

सरकार ने दिए विभागीय जांच के आदेश 
दोनों जवानों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ यह अभी पता नहीं चल पाया है। राज्य सरकार ने इस घटना के विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। जवान श्रीकांत बेयर्ड और बंदू नवाथरे पुणे स्थित SRPF कैंप से तैनाती पर मरपल्ली भेजे गए थे। बता दें कि छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के बीजापुर, नारायणपुर व सुकमा में साथी जवानों पर फायरिंग की कई घटनाएं हो चुकी है।

error: Content is protected !!