Breaking News

टीवी डिबेट से लौटते ही कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव त्यागी का दिल का दौरा पड़ने से निधन… राहुल बोले- पार्टी ने अपना एक बब्बर शेर खो दिया…

इम्पेक्ट न्यूज डेस्क।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 52 साल के थे। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने दुख जताते हुए कहा कि त्यागी विचारधारा के प्रति समर्पित नेता थे। निधन से कुछ देर पहले तक वह टीवी डिबेट में शामिल थे। 

राजीव त्यागी विनम्र स्वभाव के एक कुशल वक्ता थे और टीवी की बहसों में पार्टी का पक्ष जोरदार ढंग से रखते थे। पार्टी सूत्रों ने कहा कि गाजियाबाद के वैशाली में अपने आवास पर शाम 5 बजे एक टीवी परिचर्चा में भाग लेने के कुछ ही देर बाद त्यागी को दिल का दौरा पड़ा और वह बेहोश हो गए। सूत्रों ने बताया कि इसके बाद उन्हें गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह बच नहीं सके।

यशोदा अस्पताल के डॉक्टर पद्म सिंह पाल के मुताबिक, राजीव त्यागी की तबियत अचानक से खराब हुई और करीब साढ़े छह बजे उन्हें अस्पताल लाया गया। उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली और दूसरी आपात सेवाओं की मदद स बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ देर बाद उनका निधन हो गया। त्यागी ने आखिरी ट्वीट किया था कि वह शाम 5 बजे एक टीवी परिचर्चा में हिस्सा लेंगे।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, उनके निधन की जानकारी मिलने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने त्यागी की पत्नी से फोन पर बात कर ढांढस बंधाया और संवेदना प्रकट की। सूत्रों ने यह भी बताया कि त्यागी का कल दिन में गाजियाबाद के हिंडन नदी के समीप श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

कांग्रेस पार्टी की ओर से ट्विटर पर जारी शोक संदेश में कहा गया है, ”हम राजीव त्यागी के अचानक निधन से बेहद दुखी हैं। वे निष्ठावान कांग्रेसी और सच्चे देशभक्त थे। इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थना उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने आज अपना बब्बर शेर खो दिया। राजीव त्यागी के कांग्रेस प्रेम व संघर्ष की प्रेरणा हमेशा याद रहेंगे। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि और परिवार को संवेदनाएं। 

आज शाम भी टीवी डिबेट में उनके साथ रहे बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने शोक जताते हुए कहा, ”विश्वास नहीं हो रहा है कंग्रेस के प्रवक्ता मेरे मित्र राजीव त्यागी हमारे साथ नहीं हैं। आज 5 बजे हम दोनों ने साथ में टीवी चैनल पर डिबेट भी किया था। जीवन बहुत ही अनिश्चित है …अभी भी शब्द नहीं मिल रहे। हे गोविंद राजीव जी को अपने श्री चरणों में स्थान देना।”

कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने त्यागी के निधन पर शोक वयक्त करते हुए अपूर्णीय क्षति बताया। उन्होंने लिखा, ”भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव त्यागी जी की असामयिक मृत्यु मेरे लिए एक व्यक्तिगत दुःख है। हम सबके लिए अपूर्णीय क्षति है। राजीव जी विचारधारा समर्पित योद्धा थे। समस्त यूपी कांग्रेस की ओर से परिजनों को हृदय से संवेदना। ईश्वर उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति दें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!