National News

यात्रा से पहले कांग्रेस नेताओं के साथ न्याय करें राहुल गांधी; मिलिंद देवड़ा के इस्तीफे पर भाजपा का तंज

नई दिल्ली.

राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' से पहले कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। मिलिंद देवड़ा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद भाजपा ने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसा है। भगवा पार्टी ने कहा है कि राहुल गांधी को 'न्याय यात्रा' निकालने से पहले अपनी पार्टी के नेताओं के साथ न्याय करना चाहिए। बीजेपी आईटी सेल के अमित मालवीय ने सोशल मीडिया में एक पोस्ट में कहा, “राहुल गांधी को पहले अपनी पार्टी के नेताओं के साथ न्याय करना चाहिए। न्याय यात्रा बाद में।”

आपको बता दें कि देवड़ा ने अपने इस्तीफे की घोषणा से पहले कहा, “आज मेरी राजनीतिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है। मैं वर्षों से उनके अटूट समर्थन के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं।"
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अमित मालवीय की टिप्पणी को दोहराया और कहा कि राहुल गांधी को कांग्रेस के उन नेताओं को न्याय देना चाहिए जो एक-एक करके पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, "बेहतर होगा कि राहुल गांधी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के बजाय 'कांग्रेस के नेताओं की न्याय यात्रा' शुरू करें। 'कांग्रेस जोड़ो यात्रा' होनी चाहिए क्योंकि उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक कांग्रेस के नेता एक दूसरे से लड़ रहे हैं और पार्टी छोड़ रहे हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिभा-मुक्त क्षेत्र बन गई है।''
मिलिंद देवड़ा आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होंगे। उन्होंने हाल ही में कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन के सहयोगी के रूप में मुंबई दक्षिण लोकसभा क्षेत्र पर सार्वजनिक रूप से दावा करने वाली शिवसेना (यूबीटी) को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। देवड़ा ने कहा कि अगर गठबंधन सहयोगी द्वारा इस तरह के बयान बंद नहीं हुए तो उनकी पार्टी भी सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है।

error: Content is protected !!