Breaking News

PM नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में CM विष्णु देव साय के नेतृत्व में नई सरकार लेगी शपथ… जानें पूरा कार्यक्रम

Getting your Trinity Audio player ready...

प्रधानमंत्री अपरान्ह 3.20 बजे से शाम 5.25 तक रहेंगे राजधानी रायपुर में

इम्पेक्ट न्यूज। रायपुर।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 दिसंबर को शाम 4 बजे राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री श्री मोदी अपरान्ह 2.15 बजे भोपाल से रवाना होकर 3.20 बजे राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

श्री मोदी एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा 3.45 बजे रायपुर साइंस कॉलेज मैदान स्थित हेलीपेड आएंगे और हेलीपेड से सड़क मार्ग द्वारा 3.55 बजे साइंस कॉलेज मैदान में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी यहां शाम 4 बजे छत्तीसगढ़ की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री श्री मोदी कार्यक्रम के बाद साइंस कॉलेज मैदान से शाम 4.50 बजे सड़क मार्ग से रवाना होकर 4.55 बजे हेलीपेड पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा 5.20 बजे रायपुर एयरपोर्ट आयेंगे। प्रधानमंत्री शाम 5.25 बजे रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

रायपुर में आज छत्तीसगढ़ की नई सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह होने वाला है। इस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल होंगे। साथ ही गृहमंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा समेत कई बड़े दिग्गज नेता भी शपथ ग्रहण में शामिल हो रहे हैं। यह समारोह साइंस कॉलेज मैदान रायपुर में होगा।

सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर के अवंति विहार एटीएम चौक स्थित अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा और सुबह 11.30 बजे जय स्तंभ चौक स्थित शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।

शपथ समारोह दौरान रायपुर की सड़कों में VIP मूवमेंट के चलते जाम के हालात भी बन सकते हैं। इससे बचने के लिए VIP लोगों की गाड़ियों से लेकर आम नागरिकों के लिए अलग-अलग जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से पार्किंग के साथ ही पूरा रूट मैप भी जारी किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत की तैयारी को लेकर साइंस कॉलेज में तैयारी की जा रही है। प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, बृजमोहन अग्रवाल ने कलेक्टर सर्वेश्वर भुरे और एसएसपी प्रशांत अग्रवाल को निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में कहां से किनकी एंट्री होगी, सुरक्षा व्यवस्था कैसी होगी, इन तमाम मुद्दों को लेकर योजना बन चुकी है।

इस मौके पर ओम माथुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने बदलबो का नारा पूरा किया। हम उसका उत्सव मनाने जा रहे हैं। डिप्टी सीएम के लिए मंत्रिमंडल के लिए थोड़ा इंतजार कीजिए। वहीं पीएम मोदी का स्वागत एक थीम सॉन्ग के साथ होगा। जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे इस थीम सॉन्ग के साथ स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।

प्रधानमंत्री समेत 16 दिग्गज हैं विशेष आमंत्रित

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  2. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
  3. भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा
  4. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
  5. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी
  6. केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडवीया
  7. केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले
  8. उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
  9. असम के मुख्यमंत्री हेमंता बिस्वा
  10. गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत
  11. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर खट्टर
  12. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव
  13. केंद्रीय राज्य मंत्री बिसेश्वर तुडू
  14. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
  15. संजीव कुमार
  16. बीजेपी प्रदेश प्रभारी ओम माथुर

मुख्यमंत्री समेत 13 सदस्यों को मंत्रिमंडल

बीजेपी की सरकार में मुख्यमंत्री पद की शपथ विष्णुदेव साय लेंगे। इसके अलावा 2 डिप्टी सीएम भी बनाए जा सकते हैं। वहीं मुख्यमंत्री को मिलाकर छत्तीसगढ़ में 13 सदस्यों का मंत्रिमंडल होता है। आज मुख्यमंत्री के अलावा सभी 12 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

error: Content is protected !!