District Jashpur

CG : 2 बच्चों के साथ उफनते नाले में बह गई महिला… एक बच्चे का मिला शव, बाजार से लौटते वक्त हुआ हादसा…

इम्पैक्ट डेस्क.

जशपुर जिले में एक महिला अपने 2 बच्चों के साथ एक नाले में बह गई। बारिश की वजह से नाले का जल स्तर बढ़ा हुआ था। इसका वह अंदाजा नहीं लगा पाई। शाम को बाजार से लौटते वक्त यह हादसा हुआ है। महिला एक बच्चे को साड़ी से पीठ पर बांधी थी और दूसरे को हाथ में लेकर साथ चल रही थी। कुछ लोगों ने उन्हें देखा, लेकिन उसे बचा नहीं पाए। एक बच्चे का शव एक किमी दूर मिला है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। रेस्क्यू टीम भी बुलाया गया, लेकिन अंधेरा होने की वजह से महिला व एक बच्चे का पता नहीं चला है। घटना पंडरापाठ चौकी क्षेत्र के भड़िया गांव का है।

मिली जानकारी के मुताबिक सराईपानी निवासी सुमित्रा बाई (30 वर्ष) नाले में बह गई। वह पहाड़ी कोरवा जनजाति की महिला है। सुमित्रा शनिवार को अपने 8 साल के बेटे मंगल साय और एक 10 महीने के बच्चे को पीठ पर बांधकर ग्राम भड़िया के साप्ताहिक बाजार गईं थी। शाम करीब 5 से 6 बजे महिला बाजार से अपने गांव वापस लौट रही थी। रास्ते में एक पहाड़ी नाला को पार करना पड़ता है। इलाके में शनिवार को अच्छी बारिश हुई है। पहाड़ी इलाका होने की वजह से नाले का बहाव तेज हो गया था। महिला नाले को पार करने के दौरान तेज बहाव में दोनों बच्चों के साथ बह गई। 

एक किलोमीटर दूर मिला बच्चे का शव 
घटना स्थल से एक किलोमीटर दूर ग्राम भड़िया के नदी पास बालक मंगल साय का शव मिला है। आस-पास के गांव के लोगों को बुलाया गया और फिर पुलिस को सूचना दी गई। मुन्ना साय ने बताया कि मंगल साय अपनी मां के साथ बाजार गया था। सरपंच, सचिव सहित ग्रामीण नाले में बच्चे व महिला को ढूंढते रहे। देर शाम तक ग्रामीणों की खोजबीन में महिला की साड़ी मिली है, जिससे बच्चे को पीठ पर बांधा गया था। पंडरपाठ पुलिस चौकी की टीम भी गांव पहुंच गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन भी शुरू किया गया, लेकिन शाम होने की वजह से सफलता नहीं मिली। जिला प्रशासन को भी सूचना दी गई है।

error: Content is protected !!