State News

‘मोदी की गारंटी’ पूरा करने के लिए मंत्रिमंडल तैयार… नौ मंत्रियों को राजभवन में शपथ दिलाई गई… विभाग अभी तय नहीं!

इम्पेक्ट न्यूज। रायपुर।

छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल का 22 दिसंबर को शपथ ग्रहण संपन्न हुआ। राजभवन के दरबार हाल में 9 विधायकों को राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने मंत्री पद की शपथ दिलाई। 9 मंत्रियों में बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, दयालदास बघेल, केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े और टंकराम वर्मा ने केबिनेट मंत्री के तौर पर क्रमश: पद एवं गोप​नीयता की शपथ ली।

इनमें ओपी चौधरी, टंकराम वर्मा और लक्ष्मी राजवाड़े पहली बार विधायक बने और मंत्री भी बन गए। इससे पहले अरूण साव और विजय शर्मा ने 13 दिसंबर को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

अभी एक सीट खाली
कुल विधायकों के पंद्रह प्रतिशत मंत्रिमंडल के आधार पर छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल में 13 सदस्यों की जगह सुनिश्चित है। सीएम विष्णुदेव साय और दो डिप्टी सीएम बनने के बाद 9 मंत्री बनाए गए हैं। अभी एक सदस्य की जगह खाली है। फिलहाल 12 सदस्यीय कैबिनेट में अभी 6 ओबीसी डिप्टी सीएम अरूण साव एवं मंत्री के तौर पर लखनलाल देवांगन, ओपी चौधरी, श्याम बिहारी जायसवाल, टंकराम वर्मा, ओबीसी एवं महिला लक्ष्मी रजवाड़े शामिल हैं। वहीं 3 आदिवासी वर्ग से सीएम विष्णुदेव साय, मंत्री के तौर पर रामविचार नेताम और केदार कश्यप शामिल हैं। 2 सामान्य वर्ग से डिप्टी सीएम विजय शर्मा और मंत्री के तौर पर बृजमोहन अग्रवाल को शामिल किया गया है। वहीं एक एससी वर्ग से मंत्री के तौर पर दयालदास बघेल शामिल किए गए हैं।

पांच नए एवं दो पुराने विधायक पहली बार मंत्री बने
शपथ लेने वालों में पांच विधायक ऐसे हैं, जो पहली बार मंत्री बने। इनमें 13 दिसंबर को शपथ लेने वाले डिप्टी सीएम अरूण साव पहली बार विधायक, विजय शर्मा पहली बार विधायक के साथ आज शपथ लेने वालों में लक्ष्मी राजवाड़े (नया चेहरा), टंकराम वर्मा (नया चेहरा), ओपी चौधरी (नया चेहरा), श्यामबिहारी जायसवाल (पहले विधायक रहे हैं) और लखनलाल देवांगन (पहले विधायक रह चुके हैं) हैं।

पांच पुराने चेहरे
सीएम विष्णुदेव साय के साथ मंत्री मंडल में शामिल रामविचार नेताम, बृजमोहन अग्रवाल, दयालदास बघेल और केदार कश्यप ये पहले भी मंत्री रह चुके हैं।

अरुण साव डिप्टी सीएम
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने। बड़ा ओबीसी चेहरा। पहली बार सांसद बने, पहली बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बने और अब पहली बार विधायक बनने के साथ ही डिप्टी सीएम की प्रोफाइल मिली। आरएसएस से जुड़े रहे। संघ की भी पसंद माने जाते हैं।

विजय शर्मा डिप्टी सीएम
विजय शर्मा को हिन्दुत्व के चेहरे के रूप में पेश किया गया। कवर्धा से मोहम्मद अकबर को हराया, जो दिग्गज मंत्री थे। वहां सांप्रदायिक तनाव हुए। उस वक्त भाजपा के जिला अध्यक्ष थे। जेल गए। बाद में पार्टी में हिन्दुत्व का चेहरा बनकर सामने आए। डिप्टी सीएम बनाए गए।

लक्ष्मी राजवाड़े
ओबीसी चेहरा। सरगुजा संभाग में चार सामान्य सीट है। अंबिकापुर, प्रेमनगर, भटगांव, बैकुंठपुर और मनेंद्रगढ़ सामान्य सीट है। प्रेमनगर से भुलनसिंह मरावी को लड़ाया, जो आदिवासी हैं। 14 सीटें सरगुजा में जीते। पांच महिलाएं यहां से जीतकर आईं। लक्ष्मी के अलावा सांसद गोमती साय, रेणुका सिंह, शकुंतला पोर्ते और रायमुनि भगत चुनकर आईं। लो प्रोफाइल और संगठन की पसंद के कारण।

ओपी चौधरी
ओपी चौधरी भी पहली बार विधायक चुने गए। 2018 में आईएएस की नौकरी से इस्तीफा दिया और खरसिया से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। इस बार रायगढ़ से जीते। मोदी—शाह की पसंद। रायगढ़ की सभा मेंं अमित शाह ने कहा था- इन्हें जिताइए बड़ा आदमी बनाएंगे। अब मंत्री बनाए गए।

टंकराम वर्मा
विधायक से मंत्री टंकराम वर्मा को मंत्रालय में कामकाज का लंबा अनुभव है। वे केदार कश्यप और दयालदास बघेल के पीए भी थे। साथ ही कुर्मी समाज में उनकी अच्छी खासी पकड़ है। वह भागवत कथा और रामायण पाठ करवाने के लिए अपने क्षेत्र में जाने जाते हैं। सांसद और मंत्री के पीए रहने के बाद वर्मा खुद मंत्री बन गए हैं।

मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद सभी मं​त्री सीधे मंत्रालय पहुंचे वहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मिठा खिलाकर सभी को मंत्री पद ग्रहण करने के लिए बधाई दी। मौजूदा मंत्रिमंडल में सबसे वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने सभी का मुंह ​मीठा करवाया। फिलहाल मंत्रियों के लिए विभागों का बंटवारा नहीं किया गया है। देर शाम तक इस संबंध में अधिकृत जानकारी आने पर यहीं अपडेट किया जाएगा।

खबर तो यह भी है कि मंत्रियों के लिए विभागों का बंटवारा दिल्ली में मंथन के बाद होगा। मुख्यमंत्री श्री साय आज देर शाम नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वहां

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 23 दिसम्बर को प्रधानमंत्री से करेंगे मुलाकात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 23 दिसम्बर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ के विकास एवं जनहित से जुड़ी योजनाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति, गृहमंत्री और वित्तमंत्री से भी मुलाकात करेंगे।

error: Content is protected !!