PoliticsState News

अजीत जोगी की जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ का कांग्रेस में हो सकता है विलय, सोनिया गांधी से मिलने पहुंचीं डॉ. रेणु…

Impact desk.

कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री पद के लिए मचे घमासान के बीच छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया खेला शुरू हो गया है। दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के कांग्रेस में विलय की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। इस मुद्दे पर बातचीत के लिए जनता कांग्रेस की अध्यक्ष डॉ. रेणु जोगी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली पहुंची हैं। यह मुलाकात आज ही होनी है।

पार्टी सूत्रों ने बताया, डॉ. रेणु जोगी गुरुवार शाम की उड़ान से दिल्ली पहुंची हैं। यह वही विमान था, जिससे कांग्रेस के अधिकतर विधायक दिल्ली जा रहे थे। पार्टी पदाधिकारी ने बताया, इस संबंध में कई दिनों से चर्चा चल रही थी। सोनिया गांधी ने आज मुलाकात और बातचीत के लिए समय दिया था। दोनों नेताओं के बीच बातचीत से जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ का भविष्य तय होगा।

पार्टी के नेताओं को उम्मीद है कि पार्टी का कांग्रेस में विलय का सम्मानपूर्ण रास्ता निकल आएगा। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ इस समय प्रदेश की तीसरी बड़ी राजनीतिक ताकत है। 90 सदस्यों वाली विधानसभा में इस पार्टी के 4 विधायक हैं।

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ और बसपा गठबंधन ने 2018 के विधानसभा चुनाव में 7 सीटें जीती थीं। इसमें से 5 सीटें जकांछ की थीं। मई 2020 में अजीत जोगी के निधन से एक सीट खाली हो गई।

टूट के कगार पर है जनता कांग्रेस
अजीत जोगी के निधन के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी के चार विधायकों में से देवव्रत सिंह और प्रमोद शर्मा कांग्रेस के साथ खड़े हो गए हैं।

हालांकि, दल-बदल कानून की अड़चनों की वजह से उनका कांग्रेस में जाना संभव नहीं हो पा रहा था। अभी सिर्फ रेणू जोगी और लोरमी से विधायक धरमजीत सिंह ही जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के साथ हैं। पार्टी की स्थापना के साथ जुड़े कई बड़े नेता वापस कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!