Politics

दिग्गीराजा 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, कारण भी बताया

भोपाल
लोकसभा चुनाव 2024 में अब ज्यादा समय बाकी नहीं रह गया है। ऐसे में कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों ने जीत की आस में अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। हालांकि, कांग्रेस को बिहार, बंगाल और पंजाब से बुरी खबरें मिल रही हैं। इस बीच पार्टी के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने संवादाताओं से बात करते हुए इस बात की जानकारी दी कि वह 2024 में लोकसभा चुनाव के मैदान में नहीं उतरेंगे।

क्या है चुनाव न लड़ने का कारण?

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह  मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर शहर में थे। यहां दिग्विजय ने आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार करते हुए कहा कि चुनाव लड़ने का सवाल ही नहीं उठता क्योंकि मैं राज्यसभा का सदस्य हूं और अभी भी राज्यसभा के कार्यकाल में दो साल से अधिक का समय बाकी है। उन्होंने कहा कि राजगढ़ से उम्मीदवार का फैसला कांग्रेस करेगी।

2019 में हार गए थे लोकसभा चुनाव

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भोपाल लोकसभा सीट से किस्मत आजमाई थी। लेकिन भाजपा नेता प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने दिग्विजय को 3.65 लाख मतों के अंतर से हरा दिया था। ये हार दिग्विजय के लिए बड़े झटके की तरह मानी गई थी। बता दें कि दिग्विजय सिंह ने साल 1984 और 1991 में राजगढ़ लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था।

मध्य प्रदेश में भाजपा को बढ़त

देश में कुछ ही महीनों में लोकसभा चुनाव की शुरुआत हो जाएगी। भाजपा ने साल 2019 में हुए चुनाव में मध्य प्रदेश की 29 में से 28 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। साल 2014 में भी भाजपा ने राज्य की 27 सीटें जीती थीं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य में फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई है। इसलिए पार्टी को उम्मीद है कि इस बार भी लोकसभा चुनाव में वह पहले की तरह ही प्रदर्शन को दोहराएगी।

ईवीएम के लिए सड़कों पर हो आंदोलन

बैठक की शुरुआत में खिलचीपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी रहे पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह कार्यकर्ताओं की सभी बातें सुनने आए हैं, जो भी सुझाव हो, बेबाकी से रखे और बताएं कि किन कारणों से हम विधानसभा चुनाव हारे और कैसे कांग्रेस संगठन को मजबूत करेंगे. बैठक के दौरान खिलचीपुर नगर अध्यक्ष संजय कौशिक ने निष्पक्ष चुनाव के लिए बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने की पैरवी करते हुए कहा कि ईवीएम बैन के लिए सडक़ पर आंदोलन करना चाहिए.

3 लाख वोटों से प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने दिग्विजय सिंह को हराया था चुनाव
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह 2019 का लोकसभा चुनाव 3 लाख से ज्यादा मतों से हारे थे. 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को हराया था.

इस चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को 8 लाख 66 हजार 482 मत प्राप्त हुए थे, जबकि कांग्रेस के दिगिवजय सिंह को 5 लाख एक हजार 660 वोट मिले थे. जबकि बसपा को 11 हजार 277 वोट मिले थे. इस तरह बीजेपी प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने यह चुनाव 3 लाख 64 हजार 822 मतों से जीत लिया था. बीजेपी को 61.54 प्रतिशत और कांग्रेस को 35.63 प्रतिशत वोट मिले थे.

error: Content is protected !!