District Marvahi Pendra

CG : मुझसे शादी करो या मार दो… नाबालिग प्रेमी ने मंगेतर के साथ प्रेमिका को उतारा मौत के घाट, शव को फंदे से लटकाया…

इम्पैक्ट डेस्क.

गौरेला-पेंड्र-मरवाही जिले में एक नाबालिग प्रेमी ने अपनी पूर्व प्रेमिका की हत्या कर दी। इसे आत्महत्या दिखाने के लिए उसकी लाश को एक फैक्ट्री में फंदे से लटका दिया। उसने यह खौफनाक कदम इसलिए उठाया क्योंकि पूर्व प्रेमिका उसपर शादी का दबाव बना रही थी जबकि उसकी दूसरी लड़की के साथ मंगनी हो चुकी थी। लड़के ने मंगेतर के साथ मिलकर हत्या के बाद प्रेमिका के शव को एक फैक्ट्री में फंदे से लटका दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि घटना मरवाही जिले के एक गांव की है। यहां 17 साल की नाबालिग लड़की 9 जून को साइकिल पर अपने घर से निकली और फिर कभी वापस नहीं आई। उसके माता-पिता ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और 12 जून को पास के गांव धानपुर की एक फैक्ट्री में उसका फंदे से लटकता हुआ शव मिला। लड़की जिस तरह लटकी हुई थी उससे पुलिस को शक हुआ क्योंकि उसके पैर जमीन को छू रहे थे। इसके अलावा शक के और भी कई कारण थे। 

ऑटोप्सी रिपोर्ट से पता चला की उसकी गला दबाकर हत्या हुई है। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि मृतका का नाबालिग लड़के के साथ प्रेम संबंध था। उसकी किसी दूसरी लड़की के साथ सगाई हो गई थी। इसके बाद पूर्व प्रेमिका उसका पीछा कर रही थी। वह उसपर शादी करने और मंगेतर को छोड़ने का दबाव बना रही थी। 9 जून को वह लड़के से मिलने के लिए गई ताकि उसपर दबाव बनाया जा सके और उसे अपनाने की मिन्नत कर सके। 

लड़के ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने माना की मृतका उसकी गर्लफ्रेंड थी। वह उसपर शादी करने या उसकी हत्या करने का दबाव बना रही थी। इसलिए उसने गला दबाकर उसे मार डाला। इसके बाद मंगेतर की मदद से उसे घसीटकर पास की फैक्ट्री में लाए और फंदे से लटका दिया ताकि यह आत्महत्या लगे। उन्होंने मृतका की साइकिल और मोबाइल की सिम को छुपा दिया था जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

error: Content is protected !!