Breaking NewsState News

आठ को BJP विधायक दल की बैठक, 9 या 10 को शपथ लेंगे छत्तीसगढ़ के नए सीएम… डा. रमन की नसीहत?

Getting your Trinity Audio player ready...

दौड़ में रमन, रेणूका, विष्णुदेव… डिप्टी सीएम भी लगभग तय… विधायकों से मुलाकात पर डा. रमन की नसीहत क्या रही…

इम्पेक्ट न्यूज। रायपुर।

छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक अब 8 दिसंबर को होगी। इसमें विधायक दल का नेता चुन लिया जाएगा। विधायक दल के नेता के लिए नाम दिल्ली से तय होगा। जिसके लिए प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव का दिल्ली बुलावा हुआ है। साव फिलहाल दिल्ली में हैं। यहां उच्च स्तरीय बैठक में विजयी सभी तीन राज्यों के लिए मुख्यमंत्री के चेहरे पर मुहर लग जाएगी। इसके बाद रायपुर में होने वाली बेठक में दल के नेता के चयन के लिए औपचारिक तौर पर विधायक दल की बैठक होगी।

इधर छत्तीसगढ़ में विधानसभा का चुनाव परिणाम आए 48 घंटे से उपर हो चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी ने 54 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल कर ​लिया है। 3 दिसंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद सभी विजयी विधायकों को सीधे रायपुर में कुशाभाउ ठाकरे परिसर में पहुंचने का निर्देश था। जीतने के बाद प्रदेश भर के विधायक सीधे रायपुर पहुंच भी गए।

बताया जा रहा है कि प्रदेश के भाजपा प्रभारी ओम माथुर से औप​चारिक मुलाकात हुई। विधायकों से श्री माथुर एक—एक कर मिले। सभी को जीत के लिए बधाई दी। इस मुलाकात के बाद यह तय हो गया कि सोमवार को अब विधायकों की कोई बैठक नहीं होगी। विधायकों की बैठक 8 दिसंबर को सुनिश्चित कर दी गई है। इसके बाद संभव है कि 9 या 10 दिसंबर को मुख्यमंत्री का शपथ हो जाएगा। सबसे बड़ा सवाल मुख्यमंत्री को लेकर है। जिसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है।

अनेक विजयी विधायकों ने इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह से व्यक्तिगत मुलाकात की। डा. रमन ने उनसे मिलने के लिए पहुंचे विधायकों को विजयी होने पर बधाई दी और साथ ही एक नसीहत भी दे डाली। बताया जा रहा है कि डा. रमन ने प्रशासन के साथ समन्वय के साथ काम करने की सलाह दी। उनका स्पष्ट संदेश था कि प्रशासन के साथ बिना वजह विवाद से छवि खराब होती है। प्रशासन के सर्पोट के बगैर काम सहज तरीके से नहीं हो पाता है।

पूर्व ​सीएम की इस सलाह को ​नवनिर्वाचित विधायक कितनी गंभीरता से लेंगे यह भविष्य में देखने को मिलेगा। पर यह तो तय हो गया है कि छत्तीसगढ़ में फिलहाल सर्व स्वीकार्यता की स्थिति में केवल डा. रमन सिंह का नाम ही है। सूत्रों के मुताबिक डा. रमन की ओर से महिला मुख्यमंत्री के तौर पर रेणुका सिंह के लिए संकेत दिए गए हैं। इसके पीछे उनकी रणनीति भी साफ है कि विवाद की स्थिति में अंतत: रमन सिंह की ओर केंद्रीय नेतृत्व का झुकाव होगा।

साथ ही यह भी माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी बेल्ट में भाजपा की बड़ी जीत के बाद सरगुजा से विष्णुदेव साय सीएम फेस के लिए डा. रमन के विकल्प पर उनकी पहली पसंद हो सकते हैं। इस बार छत्तीसगढ़ में दो डिप्टी सीएम के कान्सेप्ट को लेकर भी चर्चा है। जिसमें से एक प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव या रायगढ़ के विधायक ओम प्रकाश चौधरी हो सकते हैं। वहीं दिल्ली में मंत्रिमंडल के चेहरों पर भी मुहर लगेगी।

फिलहाज सभी की नजर दिल्ली की ओर लगी हुई है। नव निर्वाचित विधायक राजधानी से अपने गृहक्षेत्र की ओर लौट चुके हैं। अब वे दो दिनों तक जनता के आभार रैली में शामिल होंगे। इसके बाद 8 दिसंबर की सुबह सभी को राजधानी लौटना होगा। 8 को दल की बैठक के साथ ही शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हो जाएगा।

error: Content is protected !!