corona pendemicHealthInternationalState News

30 जून तक देश में 5.85 लाख कोरोना केस थे, पिछले 22 दिन में साढ़े छह लाख नए मामले आए… भारत में 12.39 लाख संक्रमित…

इम्पेक्ट न्यूज डेस्क।

तीन सबसे संक्रमित देशों में भारत

हिंदुस्तान में आज सुबह तक के आंकड़ों के मुताबिक कुल सं​क्रमित 12 लाख 39 हजार 644 और एक्टिव केस 4 लाख 25 हजार 113 हैं। अमेरिका, ब्राजील और भारत इस वक्त दुनिया के तीन सबसे संक्रमित देश हैं। तीनों देशों में सिर्फ भारत ही ऐसा है, जहां रोज नए केस आने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस वक्त दुनिया में रोज 2 लाख से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। इनमें से 20% मरीज भारत में मिल रहे हैं। इस वक्त दुनिया के एक चौथाई मरीज सिर्फ अमेरिका में हैं। अमेरिका और ब्राजील में हर रोज आने वाले मामले स्थिर हो चुके हैं। लेकिन, भारत में इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे दुनिया में रोज मिलने वाले मरीजों में भारत की हिस्सेदारी और बढ़ने की आशंका है।

देश में कोरोना के कुल केस के 55% पिछले 22 दिन में आए

देश में कोरोना के मामले 12 लाख के आंकड़े को पार कर गए हैं। 11 लाख से 12 लाख केस होने में सिर्फ तीन दिन लगे। पिछले 12 दिन से हर तीन दिन में एक लाख से ज्यादा नए मरीज सामने आ रहे हैं। सिर्फ जुलाई महीने के 22 दिन में ही कोरोना के करीब साढ़े छह लाख नए केस सामने आए हैं।

30 जनवरी को पहला केस सामने आने के बाद पांच महीने में देश में 5.85 लाख केस आए। पिछले 22 दिन में कोरोना के मामले दोगुना से ज्यादा हो गए हैं। हालांकि, रिकवरी रेट भी लगातार बढ़ रहा है। हर 10 लाख की आबादी में 896 लोग पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। इस लिहाज से हम दुनिया में 103वें नंबर पर हैं। हर 10 लाख आबादी पर देश में 22 मौतें हो रहीं, इस लिहाज से हम दुनिया में 98 नंबर पर हैं। वहीं, 10 लाख लोगों में से सिर्फ 10,664 का कोरोना टेस्ट हो रहा, इस लिहाज से हम दुनिया में 136 नंबर पर हैं।

हर तीन दिन में एक लाख से ज्यादा केस बढ़ रहे

30 जनवरी को देश में कोरोना का पहला मामला आया था। इसके 109 दिन बाद यानी 10 मई को यह संख्या बढ़कर एक लाख हुई। फिर संक्रमण की रफ्तार में इतनी तेजी आई कि महज 15 दिनों में ही आंकड़ा 2 लाख के पार हो गया। संक्रमितों की संख्या 2 से 3 लाख होने में महज 10 दिन लगे। 3 से 4 लाख मामले होने में 8 दिन और 4 से 5 लाख मामले होने में केवल 6 दिन लगे।

केस बढ़ने की यह रफ्तार लगातार तेज हो रही है। 5 से 6 लाख और 6 से 7 लाख मामले होने में केवल 5-5 दिन लगे। 7 से 8 लाख मामले होने में केवल 4 दिन लगे। मतलब हर दो दिन में औसतन 50 हजार केस सामने आए। इसके बाद आठ से नौ लाख, नौ से दस लाख, दस से 11 लाख और 11 से 12 लाख केस होने केवल तीन-तीन दिन लगे। इसमें भी हर दिन सामने आने वाले केस लगातार बढ़ रहे हैं।

देश में 63% से ज्यादा मरीज ठीक हुए

दुनिया के कुल कोरोना संक्रमित मरीजों में से करीब 61% मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, भारत में करीब 7.83 लाख मरीज अब तक ठीक हुए हैं। यानी, कुल संक्रमितों का 63% से ज्यादा लोग ठीक हुए हैं। इस लिहाज से हमारे देश में ठीक हो रहे मरीजों का औसत दुनिया के औसत से थोड़ा बेहतर है।

अब तक करीब डेढ़ करोड़ लोगों का टेस्ट, इसमें 8.2% लोग पॉजिटिव निकले

भारत में अब तक करीब डेढ़ करोड़ लोगों का कोरोना टेस्ट हो चुका है। इनमें 8.2% लोग संक्रमित मिले हैं। अमेरिका में करीब पांच करोड़ टेस्टिंग हुई है और इनमें 8% लोग पॉजिटिव पाए गए। सबसे खराब हालत ब्राजील की है। यहां अब तक करीब 50 लाख लोगों की जांच हुई और इनमें 44% से ज्यादा लोग संक्रमित मिले हैं।

इस वक्त 4.25 लाख मरीजों का इलाज चल रहा

देश के अलग-अलग अस्पतालों में इस वक्त 4.25 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक 2.4% मरीजों की जान गई है। उधर, अमेरिका का डेथ रेट 3.6% है। ब्राजील में अब तक 3.7% मरीजों की जान जा चुकी है।

यह खबर डाटा एनालिसिस पर आधारित है। इसमें दिए गए आंकड़े आईसीएमआर और डब्लूएचओ के आंकड़ों पर आधारित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!