viral news

7 मिनट की मौत, चांद से भी ऊपर जाकर लौटा… शख्स ने किया अजीबो गरीब दावा…

इंपेक्ट डेस्क.

मौत के बाद क्या होता है, इंसान के लिए यह ऐसा रहस्य है जिसका जवाब शायद किसी के पास नहीं है। हालांकि पुराने ग्रंथों के अलावा भी कई बार लोग मौत के बाद के अनुभव का दावा कर चुके हैं। हाल ही में ब्रिटेन के एक जानेमाने स्टेज ऐक्टर ने अजीबो गरीब दावा किया है। भारतीय मूल के 60 वर्षीय शिव ग्रेवाल का दावा है कि उनकी सात मिनट के लिए मौत हो गई थी और इस दौरान उन्होंने दूसरी दुनिया का अनुभव किया। वह इसी अवधि में चांद से भी ऊपर अंतरिक्ष में पहुंच गए  जहां से दूर तक पसरा अंतरिक्ष नजर आता था। इसके बाद वह एक बार फिर अपने शरीर में वापस आए। इस सात मिनट के दौरान क्या हुआ, उसके बारे में डॉक्टरों ने भी बताया। 

60 साल के शिव ग्रेवाल अपनी पत्नी एलिसन के साथ खाना खा रहे थे। उसी समय उनके सीने में दर्द हुआ और बेहोश हो गए। एलिसन ने तुरंत ऐंबुलेंस को कॉल किया। अब उनके गिरने और ऐंबुलेंस के आने तक में सात मिनट का जो समय था उसके बीच में जो कुछ हुआ वह हैरान करने वाला है। हालांकि लाइव हिंदुस्तान ऐसे किसी दावे की पुष्टि नहीं करता है। 

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक ग्रेवाल ने बताया कि असल में उनकी मौत हो चुकी थी। मौत के बाद उन्होंने जो भी देखा उसे बताते हुए कहा, मैं जानता था कि मैं मर चुका हूं। मुझे लगा जैसे कि मैं अपने ही शरीर सेअलग हो रहा हूं। मैं खुद को हल्का महसूस कर रहा था और ऐसा लग रहा था  कि हल्का होकर पानी में तैर रहा हूं। इसके बाद लगा कि मैं इस दुनिया को छोड़कर कहीं जा रहा हूं। थोड़ी ही देर बाद में चांद से भी दूर अंतरिक्ष में पहुंच गया। वहां से मैं उल्कापिंडों और दूर तक फैले अंतरिक्ष को देख पा रहा था। 

ग्रेवाल ने आगे बताया, मुझे ऐसा लग रहा था कि मेरे सामने बहुत सारे विकल्प हैं। मुझे पुनर्जन्म का ऑफर मिल रहा है। हालांकि मैं अपने इमोशन को अनुभव कर रहा था। मैं अपने शरीर में लौटना चाहता था। इतनी देर में ऐंबुलेंस आ चुकी थी और ग्रेवाल को सर्जरी के लिए ले जाया गया। उनकी मेन आर्टरी में तुरंत स्टंट लगाया गया। रक्त का बहाव रुक चुका था। उनकी धड़कनें बंद हो चुकी थीं। स्टंट लगाने के बाद उनकी धड़कन एक बार फिर चलने लगी। हालांकि डॉक्टरों ने इसके बाद भी उन्हें एक महीने कोमा में रखा क्योंकि उनके ब्रेन में ऑक्सीजन लेवल कम हो गया था। 

ग्रेवाल का स्वास्थ्य अभी तक ठीक नहीं है लेकिन यह कहा जा सकता है कि मानसिक स्तर पर पूरी तरह से ठीक हैं। उनका कहा है कि जीवन के प्रति अब उनका नजरिया बदल चुका है। वह अपने आर्ट वर्क के जरिए इस अनुभव को दुनिया को बताना चाहते हैं। एक एग्जिबिशन के जरिए भी उन्होंने अपने अनुभव को बताने की कोशिश की। ग्रेवाल का कहना है कि वह वैज्ञानिक सोच रखते हैं हालांकि इस अनुभव के बाद वह मौत के बाद के जीवन में विश्वास करने लगे हैं। उन्होंने कहा, अब मौत से डर नहीं लगता लेकिन जीवन के प्रति सजग हो गया हूं और यह पता चल गया है कि जीवन कितना अनमोल होता है। 

error: Content is protected !!