Big newsDistrict Sukma

बस्तर में सर्चिंग से लौट रहा जवान पहाड़ी नाले में बहा… तलाश जारी…

इम्पैक्ट डेस्क.

सुकमा जिले के सिलगेर क्षेत्र में सर्चिंग कर लौट रहे जवानों की टीम से पहाड़ी नाले को पार करने के दौरान शुक्रवार को एक जवान बह गया है। जवान के बहने की जानकारी मिलते ही मौके पर अतिरिक्त बल भेज कर जवान की तलाश शुरू कर दी गई है। 

घटना की जानकारी देते हुए बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि सिलगेर क्षेत्र में स्थापित मुकुर कैम्प से कोबरा 210 के जवान सर्चिंग पर निकले हुए थे। सर्चिंग कर लौट रहे जवान जब सिलगेर के पास एक पहाड़ी नाले को पार कर रहे थे तभी एक जवान का बैलेंस बिगड़ा और वह उफनते नाले में गिर गया। इससे पहले की साथी जवान कुछ समझ पाते वह जवान दूर तक बह गया। जानकारी मिलते ही मौके पर अतिरिक्त बल को रवाना किया गया है और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से जवान की तलाश शुरू कर दी गई है। जवान का नाम सूरज आर. है जो केरल का निवासी बताया जा रहा है।

बस्तर में बरसात जवानों के लिए बड़ी चुनौती
बस्तर में नक्सलवाद से लड़ने लगभग पचास हजार से अधिक की संख्या में जवानों को तैनात किया गया। इस दौरान जवानों का अधिकतर समय जंगलों में सर्चिंग करने में बीतता है। इस दौरान उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है पर बारिश में जवानों की चुनौती दुगनी हो जाती है। बस्तर के अंदरूनी क्षेत्रों में सैकड़ों की संख्या में छोटे बड़े नदी नाले हैं जो बारिश में पूरी तरह उफान पर रहते हैं। इस दौरान जवानों को सर्चिंग के दौरान ऐसे कई उफ़नते नदी नालों को जान जोखिम में डालकर पार करना होता है।

error: Content is protected !!