Politics

राजनाथ सिंह ने कहा- राहुल गांधी में कोई ‘आग’ नहीं, लेकिन चुनाव में हिंदू-मुस्लिम विभाजन की कोशिश कर आग से खेल रही कांग्रेस

नई दिल्ली
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी में कोई ‘आग' नहीं है जबकि उनकी पार्टी चुनावी फायदे के लिए हिंदू-मुस्लिम विभाजन की कोशिश कर आग से खेल रही है। सिंह ने दिए एक साक्षात्कार में यह संकेत भी दिया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में आने पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव' जैसी बड़ी योजनाओं पर अमल करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें विश्वास है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 400 सीटों का आंकड़ा पार करेगा और भाजपा को 370 से अधिक सीट मिलेंगी क्योंकि यह अनुमान जमीनी स्थिति के विस्तृत मूल्यांकन के बाद लगाया गया है।

राहुल गांधी में कोई आग नहीं, लेकिन कांग्रेस आग से खेल रही
संपूर्ण राजनीतिक परिदृश्य पर बात करते हुए रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और धार्मिक आधार पर तनाव पैदा करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘वे चुनावी फायदे के लिए हिंदू-मुस्लिम विभाजन का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस धार्मिक आधार पर तनाव पैदा करने की कोशिश कर रही है।'' उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस सामाजिक सौहार्द बिगाड़ना चाहती है। वे मुस्लिम समुदाय को केवल वोट बैंक के रूप में देखते हैं। मैं उन्हें सुझाव देना चाहता हूं – राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं की जानी चाहिए। राजनीति का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण होना चाहिए।'' सिंह ने कहा, ‘‘राहुल गांधी में कोई ‘आग' नहीं है, लेकिन कांग्रेस आग से खेल रही है।''

भाजपा 370 का आंकड़ा पार करेगी
रक्षा मंत्री ने कहा कि देश के लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विश्वास जताएंगे और पिछले पांच साल में सरकार के प्रदर्शन के आधार पर भाजपा की सीटों की संख्या में उल्लेखनीय सुधार होगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में हमारी सीट बढ़ेंगी और तमिलनाडु में हमें कुछ सीट मिलेंगी। केरल में भी हमारा खाता खुलेगा। हम आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी अच्छी-खासी सीट जीत रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि भाजपा 370 का आंकड़ा पार करेगी। सिंह ने कहा, ‘‘ओडिशा, झारखंड और असम में भी हमारी सीट बढ़ेंगी। हम छत्तीसगढ़ में सभी सीट जीतेंगे।''

भाजपा जो वादा करती है, उसे पूरा करती है
यह पूछे जाने पर कि क्या महाराष्ट्र में भाजपा की सीटें कम होंगी, इस पर उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया, लेकिन कहा कि वहां सीटें ऊपर-नीचे हो सकती हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने संपत्ति के ‘‘पुन: वितरण'' की कांग्रेस की योजना को लेकर उस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था पर इसके विनाशकारी परिणाम होंगे। सिंह ने कहा, ‘‘संपत्ति के पुन: वितरण की अवधारणा से मंदी आएगी। अर्जेंटीना और वेनेजुएला ने इसे लागू किया और विनाशकारी परिणामों का सामना किया। निवेशकों का भारत से भरोसा उठ जाएगा।'' सत्ता में लौटने पर यूसीसी और ‘एक राष्ट्र एक चुनाव' जैसी भाजपा की बड़ी योजनाएं लागू करने के बारे में सिंह ने कहा कि वह भारत के लोगों से जो वादा करती है, उन्हें पूरा भी करती है।

‘एक राष्ट्र, एक चुनाव' संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे
भाजपा ने अपने चुनाव घोषणापत्र में सत्ता में लौटने पर यूसीसी लागू करने का संकल्प लिया है। उसने यह भी कहा है कि पार्टी ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव' लागू करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी। सिंह ने कहा, ‘‘हम हमेशा अपने वादे पूरा करते हैं। हम अपनी विश्वसनीयता पर कभी प्रश्न चिह्न नहीं लगने देंगे और देश की एकता व अखंडता से समझौता नहीं करेंगे। हमने अपने चुनाव घोषणापत्र में जो भी कहते हैं, उसे लागू करते हैं। हमने जो भी कहा है, हमें उसे पूरा करना होगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव' की योजना पर आगे बढ़ेंगे।

कांग्रेस भय का माहौल पैदा कर रही
हम इस पर सभी राजनीतिक दलों समेत प्रत्येक वर्ग की राय लेंगे।'' यूसीसी पर रक्षा मंत्री ने कहा कि यहां तक ​​कि संविधान निर्माताओं को भी इसकी आवश्यकता महसूस हुई थी, जैसा कि नीति-निर्देशक सिद्धांतों में इसका उल्लेख है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस भय का माहौल पैदा करना चाहती है, वे हिंदू-मुस्लिम कार्ड का इस्तेमाल करना चाहते हैं।'' सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘उन्हें कोई समस्या नहीं है। वे जाति, नस्ल और धर्म के नाम पर समाज को बांटकर सरकार बनाना चाहते हैं और उन्होंने हमेशा ऐसा ही किया है।''

error: Content is protected !!