Big newsDistrict DantewadaNaxal

दंतेवाड़ा में CAF कैंप पर नक्सलियों का हमला… 2 जवान और दो महिला मजदूर घायल, माओवादियों ने 15 BGL दागे…

इम्पैक्ट डेस्क.

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में माओवादियों ने बुधवार की रात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के कैंप पर हमला बोल दिया। गोलीबारी की आवाज सुनकर जवानों ने भी मोर्चा संभाला और मुंहतोड़ जवाब दिया। लगभग 40 मिनट तक तक दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग हुई। जवानों को भारी पड़ता देख माओवादी जंगल का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए। इस हमले में 4 लोग घायल हुए हैं, जिसमें दो जवान और कैंप में मजदूरी करने वाली दो महिलाएं शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में सर्चिंग बढ़ा दी गई है। नक्सल हमले की पुष्टि बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने की है। 

दंतेवाड़ा पुलिस के अनुसार बुधवार रात 8.30  बजे के बीच जंगल की तरफ से नक्सलियों ने पुलिस कैंप पर अचानक हमला कर दिया। करीब 40 मिनट तक फायरिंग हुई। माओवादियों द्वारा लगभग 15 BGL Shell दागे गये, जिनमें से 7 BGL Shell विस्फोट हुए। कैंप के अंदर मौजूद छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल एवं डीआरजी की टीम ने जवाबी कार्यवाही की। माओवादियों की फायरिंग में कैंप निर्माण स्थल में मजदूर के रूप में काम कर रहीं 2 महिलाओं एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 2 जवानों को मामूली चोटें आई हैं। घायल महिलाओं में दुले हेमला व बुदरी ताती शामिल हैं। वहीं आरक्षक सलीम लकड़ा को पीठ व आरक्षक किशन सूर्यवंशी को दाहिने कान के पास चोट लगी है। घायल महिला मजदूर दुले हेमला को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी 3 लोगों का उपचार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के कैंप में किया गया। इन सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।

नक्सलियों के कोर जोन में CAF का कैंप
बता दें कि दंतेवाड़ा के हिरोली में नया कैंप खोला गया है। यह माओवादियों का कोर जोन इलाका है। बैलाडीला की पहाड़ी के नीचे स्थित यह गांव अति संवेदनशील है। माओवादियों पर नकेल कसने हिरोली में पुलिस कैंप खोला गया है। बताया जाता है कि सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा की सीमा पर यह कैंप है। एक जिले में घटना को अंजाम देकर नक्सली दूसरे जिले में इसी पहाड़ी से होकर भाग जाते थे। अब कैंप खुलने से नक्सली बैकफुट पर हैं, इसलिए नक्सलियों की बौखलाहट बढ़ गई है। माओवादियों ने जवानों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से बुधवार की रात सीएएफ कैंप पर हमला बोला था। 

हिरोली कैंप के आसपास बढ़ाई गई सर्चिंग 
बुधवार रात पुलिस कैंप पर हमला के बाद सर्चिंग ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। अतिरिक्त डीआरजी बल हिरोली कैंप में भेजा गया है। सुरक्षा कैंप के आसपास इलाका में सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। बता दें कि इससे एक दिन पहले मंगलवार को छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर नुआपाड़ा जिले में सीआरपीएफ व नक्सलियों की मुठभेड़ हुई थी, जिसमें 3 जवान शहीद हो गए। वहीं 20 जून को मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर 3 हार्डकोर इनामी नक्सलियों को पुलिस ने ढेर कर दिया था। छत्तीसगढ़ के सीमाओं से लगे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में माओवादियों की सक्रियता बढ़ गई है।

error: Content is protected !!