Big newsNational NewsSports

4 साल बाद दो नई टीमों के साथ मेगा ऑक्शन की वापसी… 15 देशों के 590 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर…

इंपैक्ट डेस्क.

आईपीएल 2022 के लिए मेगा ऑक्शन का दिन आ चुका है। आज दोपहर 12 बजे से मेगा ऑक्शन की शुरुआत होगी। चार साल बाद मेगा ऑक्शन की वापसी हो रही है। पिछली बार मेगा ऑक्शन  2018 में हुआ था, क्योंकि चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की टीम दो साल का बैन झेलने के बाद लीग में वापस आई थी।

2018 में 182 स्लॉट के लिए 13 देशों के 578 खिलाड़ियों को चुनने के लिए आठ टीमों ने बोली लगाई थी। वहीं, इस बार लखनऊ सुपर जाएंट्स और गुजरात टाइटंस के रूप में दो नई टीमें जुड़ी हैं। इस साल आईपीएल 10 टीमों के बीच खेली जाएगी।

2018 मेगा ऑक्शन में 578 में से 169 खिलाड़ी बिके
2018 मेगा ऑक्शन में 578 खिलाड़ियों में से केवल 169 खिलाड़ी ही बिके थे। उनमें 113 भारतीय और 56 विदेशी खिलाड़ी थे। 2018 मेगा ऑक्शन में इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे। उन्हें राजस्थान ने 12.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब यह देखना होगा कि इस बार ऑक्शन में कौन सा खिलाड़ी अच्छी राशि पाता है।

10 टीमों के पास कुल मिलाकर 217 स्लॉट खाली हैं। ऑक्शन में कितने भी भारतीय खिलाड़ी बिक सकते हैं। वहीं, विदेशी खिलाड़ियों के लिए 70 स्लॉट खाली हैं। एक फ्रेंचाइजी के पास ज्यादा से ज्यादा आठ विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं। इस बार 180 से 200 खिलाड़ी मेगा ऑक्शन में बिक सकते हैं।

15 देशों के 590 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट किए गए
इस बार मेगा ऑक्शन के लिए 19 देशों के 1214 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें से 15 देशों के 590 खिलाड़ियों को फाइनल नीलामी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। नीलामी से ठीक एक दिन पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप में खेलने वाले 10 खिलाड़ियों के नाम जोड़े गए। इस तरह 600 खिलाड़ियों में से 229 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके (कैप्ड) हैं। वहीं, 344 अनकैप्ड खिलाड़ी हैं, यानी इन खिलाड़ियों को अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव नहीं है। सात खिलाड़ी एसोसिएट देश (नेपाल, स्कॉटलैंड जैसे देश) से हैं। यह आईपीएल का 15वां संस्करण होगा। 

दो करोड़ रुपये की बेस प्राइस वाले 48 खिलाड़ी
48 खिलाड़ी दो करोड़ रुपये के बेस प्राइस वाले हैं। इसमें 31 विदेशी और 17 भारतीय खिलाड़ी हैं। वहीं, 20 खिलाड़ियों का बेस प्राइस डेढ़ करोड़ (1.5 करोड़) रुपये है। 34 खिलाड़ियों का बेस प्राइस एक करोड़ रुपये है। बेस प्राइस का मतलब है कि इन खिलाड़ियों पर बोली की शुरुआत इसी राशि से होगी। नीलामी में 600 खिलाड़ियों में से 377 भारतीय और 223 विदेशी खिलाड़ी हैं। ऑक्शन में भारत के बाद सबसे ज्यादा खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया (50) के हैं।

ऑक्शन में उतरने वाले मुख्य भारतीय खिलाड़ी
ऑक्शन में उतरने वाले मुख्य भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो इसमें श्रेयस अय्यर, शिखर धवन, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी, ईशान किशन, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना, युजवेंद्र चहल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, ईशांत शर्मा, उमेश यादव जैसे क्रिकेटर्स शामिल हैं। इनमें से श्रेयस, ईशान, शार्दुल और दीपक चाहर पर बड़ी बोली लग सकती है।

दो करोड़ रुपये की बेस प्राइस वाले मार्की खिलाड़ी
डेविड वार्नर, अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, पैट कमिंस, क्विंटन डिकॉक, धवन, फाफ डुप्लेसिस, श्रेयस, कगिसो रबाडा और शमी उन खिलाड़ियों में हैं, जिनकी बेस प्राइस दो करोड़ रुपये है। इन्हें आईपीएल ने मार्की खिलाड़ी भी बताया है। मार्की ऐसे खिलाड़ी होते हैं, जिनमें हर फ्रेंचाइजी की दिलचस्पी होती है। इसके अलावा जॉनी बेयरस्टो, जेसन होल्डर, ड्वेन ब्रावो, शाकिब अल हसन और वानिंदु हसारंगा जैसे विदेशी खिलाड़ी भी नीलामी में उतरेंगे।

error: Content is protected !!