Crime

भाभी के साथ शादी, गर्लफ्रेंड संग भी फेरे, पता चलने पर एक को मार डाला… फिर…

इम्पैक्ट डेस्क.

बिहार की राजधानी पटना से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जक्कनपुर इलाके में दो महिलाओं से शादी करने वाला एक ऑटो ड्राइवर कातिल बन गया। आरोपी ने पहले अपनी भाभी से शादी रचाई, फिर गर्लफ्रेंड संग भी सात फेरे ले लिए। जब गर्लफ्रेंड को उसकी पहली शादी के बारे में पता चला, तो ऑटो वाले ने उसकी हत्या कर दी। फिर शव को बोरे में बांधकर गंगा नदी में फेंक दिया। यह वारदात 23 जून की रात की है। इस मामले में जक्कनपुर थाने की पुलिस ने आरोपी उमेश पासवान (25) को गिरफ्तार कर लिया है। वह मूल रूप से पुनपुन का रहने वाला है।

आरोपी पटना में जक्कनपुर थाना इलाके के जनार्दन गली में किराये के मकान में रहता था। उसके पास से ऑटो भी बरामद किया गया जिस पर वह सुनीता की लाश को लेकर जेपी सेतु तक गया और वहां से गंगा नदी में फेंक दिया। सुनीता के मायके वालों का आरोप है कि उमेश ने उसकी हत्या कर शव को गायब कर दिया। जक्कनपुर के थानेदार सुदामा सिंह के मुताबिक सुनीता की मौत को लेकर उसकी मां और दानापुर की रहने वाली आशा देवी ने दहेज हत्या का केस दर्ज करवाया है।

तीन महीने पहले हुई थी सुनीता और उमेश की शादी
आरोपी ने तीन माह पहले ही सुनीता से प्रेम विवाह किया था। तब से वह उसके साथ जक्कनपुर में किराये का मकान लेकर रहने लगा। शादी के बाद सुनीता को पता चला कि उमेश ने अपनी भाभी से भी शादी कर रखी है। उसके भाई का छह साल पहले देहांत हो गया था। इस बात की जानकारी मिलने के बाद सुनीता और उमेश के बीच खटपट शुरू हो गई। वह उमेश को भाभी से दूर रहने को कहती थी। उमेश की भाभी तीन बच्चे की मां है। हत्या के बाद वह जक्कनपुर में ही रहने वाली भाभी के पास जाकर छुप गया था।

बात नहीं होने पर मायके वालों को हुआ शक
मायके वालों ने जब सुनीता से बात करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। बात नहीं से शक के आधार पर मायके वाले उसके जक्कनपुर स्थित किराये के कमरे पर पहुंचे तो उन्होंने दरवाजा बंद देखा। इस बीच रेल पटरी के समीप उमेश की भाभी मिली। उसने बताया कि सुनीता कहीं चली गई है। संदेह होने पर उसके परिजन जक्कनपुर थाने पहुंचे और वहां पुलिस से शिकायत की। फिर जांच के बाद सच्चाई सामने आ गई।

आरोपी बोला- सुनीता ने फांसी लगाई 
वहीं, पुलिस ने जब आरोपी उमेश से पूछताछ की तो उसने बताया कि सुनीता ने झगड़ा करने के बाद फांसी लगा ली थी। जब उसने अपनी बीवी को फंदे से लटकता देखा तो डर गया। भयवश शव को बोरे में रख दिया। फिर उसे ऑटो से लेकर जेपी सेतु पर गया और वहां से शव को गंगा में फेंक दिया।
 

error: Content is protected !!