Politics

आने वाले दिनों में कांग्रेस विधायकों की संख्या में होगी बढ़ोतरी: सिंहदेव

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने मरवाही विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक बयान जारी कर सनसनी फैला दी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कांगे्रस विधायकों की संख्या में दो और की बढ़ोतरी होगी। तब हम प्रदेश में 70 से 72 हो जाएंगे। उनसे जब पूछा गया कि दो विधायक किस दल से आएंगे। भाजपा या फिर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़।

मुस्कारते हुए इस सवाल को टाल दिया और कहा के आगे-आगे देखते जाइए होता है क्या। मंत्री सिंहदेव का हेलिकाप्टर दोपहर डेढ़ बजे मरवाही स्थित हेलीपैड में लैंड किया। उनके साथ बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शैलेष पांडेय उतरे। हेलीपैड पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने आतिशी स्वागत किया।

पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद उनका काफिला मरवाही विधायक डा. केके ध्रुव की निवास की तरफ कूच किया। विधायक निवास पहुंचने के बाद मंत्री सिंहदेव व विधायक पांडेय ने विधायक व उनके स्वजनों से मुलाकात की। संवेदना जताई व विश्राम गृह के लिए रवाना हो गए। विश्राम गृह में चाय के साथ पत्रकारों से चर्चा शुरू की। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हमारी टीम में दो और विधायक शामिल होंगे।

तब हमारी संख्या 70 से बढ़कर 72 हो जाएगी। उन्होंने यह नहीं बताया कि भविष्य में कांग्रेस का दामन थामने वाले दो विधायक किस दल से ताल्लुक रखते हैं। मुस्कराते हुए कहा कि जल्द पता चल जाएगा। किस दल से विधायक हमारे दल में शामिल होंगे।

ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री के मुद्दे पर उन्होंने चुप्पी साध ली। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आलाकमान से विस्तृत चर्चा हो चूकी है। दोबारा अब कुछ बोलने का विषय नहीं रह गया है। दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर हेलिकाप्टर से अंबिकापुर के लिए रवाना हो गए। उनके साथ विधायक पांडेय भी अंबिकापुर के लिए उड़ गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!