कालापानी विवाद: भारत का दबाव काम आया… नक्शे में बदलाव के लिए संविधान संशोधन पर चर्चा को नेपाल ने टाला…
इम्पेक्ट न्यूज डेस्क।
कालापानी को शामिल करते हुए नक्शे को अपडेट करने के लिए जरूरी संविधान संशोधन पर बुधवार को प्रस्तावित चर्चा को नेपाल ने टाल दिया है। संशोधन के लिए संसद की प्रतिनिधि सभा में चर्चा होनी थी। राजनीतिक दलों ने पहले इस पर देश में आम सहमति बनाने की बात की है।
संसद सचिवालय की ओर से प्रकाशित कार्यसूची के मुताबिक बुधवार को कानून मंत्री शिवमाया तुम्बहाम्फे स्थानीय समयानुसार 2 बजे प्रस्ताव को पेश करने वाली थीं। नेपाल ने 18 मई को नया राजनीतिक नक्शा जारी किया था जिसमें कालापानी, लिपुलेख और लिमिपियाधुरा को अपने क्षेत्र के रूप में दिखाया। इसके बाद 22 मई को संविधान संशोधन को संसद में पंजीकृत किया था।
भारत द्वारा लिपुलेख होते हुए लिंक रोड के उद्घाटन के बाद नेपाल ने यह नक्शा जारी किया था। संविधान संशोधन के लिए दो तिहाई बहुमत की आवश्यकता है, इसलिए प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने मंगलवार शाम सर्वदलीय बैठक बुलाई ताकि आम सहमति बनाई जा सके और प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया जाए।