Madhya Pradesh

MP में 29 सीटों पर भाजपा को बड़ी बढ़त, कांग्रेस के सारे सुरमा पीछे… हाथ निकल रही छिंदवाड़ा

भोपाल
 मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। दो घंटे की गिनती के बाद सभी सीटों पर बीजेपी को बढ़त है। कुछ सीटों पर वोटों का अंतर एक लाख पार पहुंच गया है। वहीं, अभी तक के रूझानों के अनुसार कांग्रेस के हाथ से छिंदवाड़ा सीट भी निकल रही है। इसके साथ ही कांग्रेस के सारे बड़े नेता रूझानों में पीछे चल रहे हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया, दिग्विजय सिंह और नकुल नाथ पीछे चल रहे हैं।

29 सीटों पर बीजेपी को बढ़त

वोटों की गिनती शुरू होने के बाद मध्य प्रदेश में तीन सीटों पर कांग्रेस को बढ़त थी। एक घंटे बाद सभी सीटों पर कांग्रेस पीछे चली गई है। 29 सीटों पर भाजपा को बढ़त है। गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट पर बीजेपी के ज्योतिरादित्य सिंधिया एक लाख 39 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं, विदिशा से शिवराज सिंह चौहान डेढ़ लाख वोटों से आगे चल रहे हैं। इंदौर से शंकर लालवानी करीब पौने तीन लाख वोटों से आगे चल रहे हैं। छिंदवाड़ा में भाजपा उम्मीदवार विवेक बंटी साहू 14 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं।

कांग्रेस के सारे बड़े नेता पीछे

राजगढ़ से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह चुनाव लड़ रहे थे। वह सुबह साढ़े दस बजे तक 21 हजार वोटों से पीछे चल रहे थे। नकुल नाथ भी छिंदवाड़ा से पीछे चल रहे हैं। वहीं, रतलाम से कांतिलाल भूरिया 90 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। ढाई घंटे की गिनती के बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस के उम्मीदवार अभी कहीं रेस में नहीं दिख रहे हैं। यह कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ा झटका है।

विधानसभा चुनाव में भी मिली थी बड़ी जीत

इसके साथ ही मध्य प्रदेश में छह महीने पहले विधानसभा के चुनाव हुए थे। इस चुनाव में भी कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव से पहले प्रदेश में माहौल लग रहा था कि कांग्रेस सत्ता में आएगी। नतीजे सामने आने पर बीजेपी को प्रचंड जीत मिली। अब लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया होता दिख रहा है।

छिंदवाड़ा भी हाथ से निकल रही

अभी तक के जो रूझान सामने आए हैं, उससे यह संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस के हाथ से छिंदवाड़ा सीट भी निकल रही है। छिंदवाड़ा लोकसभा सीट कांग्रेस का अभेद्य किला है। इस बार चुनाव से पहले कांग्रेस खेमे में भगदड़ मच गई थी। उसका असर छिंदवाड़ा में दिख रहा है। छिंदवाड़ा में बीजेपी को बढ़त है।

 भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार 227115 वोट से आगे
टीकमगढ़ में लोकसभा काउंटिंग के 11 राउंड पूरे होने के बाद बीजेपी उम्मीदवार के 483635 वोट हुए। कांग्रेस के 207115 वोट, जबकि नाेटा को 2733 वोट मिले।

 बीजेपी के शंकर लालवानी हुए नौ लाख वोट के पार
बीजेपी के शंकर लालवानी हुए नौ लाख वोट के पार, अभी तक कुल 9,18,691 वोट मिले। लालवानी 7,54,863 वोटो से आगे चल रहे हैं। नोटा भी हुआ डेढ़ लाख पार हुआ। अब तक 1,63,918 वोट मिले।

गुना लोकसभा परिणाम: केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बनाई बड़ी बढ़त
गुना शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया 342234 मतों से आगे हुए। 2019 के चुनाव में केंद्रीय मंत्री सिंधिया चुनाव हार गए थे। उन्हें बीजेपी के ही केपी यादव ने चुनाव हराया था।

 इंदौर में एक लाख के पार पहुंचा नोटा
बीजेपी के शंकर लालवानी पहुंचे 6 लाख के पार, मतगणना में 617911 वोट से आगे

 राजगढ़ में दिग्विजय सिंह ने वोटिंग रुकवाई
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राजगढ़ लोकसभा सीट पर हो रही मतगणना को लेकर दो सारंगपुर की पोलिंग बूथ पोलिंग बूथ पर सील मैच नहीं खाने पर काउंटिंग रूकवाई गई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि सारंगपुर की दो पोलिंग बूथ पर सील मैच नहीं खाने पर आपत्ति कर दो पोलिंग बूथ की काउंटिंग रूकवाई गई है। इस दौरान EVM को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि देखते हैं क्या होता है

देवास से भाजपा के महेन्द्र सिंह सोलंकी आगे
देवास शाजापुर क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार महेंद्र सिंह सोलंकी 176505 मतों से आगे चल रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के राजेंद्र सिंह सोलंकी से है। 2019 में भी यहां महेंद्र सिंह सोलंकी चुनाव जीते थे।

 एमपी सीएम ने कहा कि पूर्ण बहुमत के साथ नरेंद्र मोदी की सरकार बन रही
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुझे इस बात का संतोष और आनंद है कि पूर्ण बहुमत के साथ नरेंद्र मोदी की सरकार बन रही है। यह प्रसन्नता की बात है कि कोई सरकार 10 साल चले और फिर देश की जनता भरोसा व्यक्त करे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बना रही है। यह हमारे लिए संतोष की बात है।

सतना में बीजेपी उम्मीदवार 17 हजार से ज्यादा वोटों से आगे
सतना में बीजेपी को 90575, कांग्रेस को 73512 और बसपा को 33223 वोट मिले हैं। भाजपा तीसरे चरण में 17063 वोट से आगे है।

 इंदौर ने तोड़ा बिहार के गोपालगंज का रिकॉर्ड
इंदौर ने एक और रिकॉर्ड किया अपने नाम किया है। लोकसभा चुनाव में अब तक सबसे ज्यादा 51884 NOTA पर मतों में इंदौर ने बनाया रिकॉर्ड। 2019 लोकसभा चुनाव में बिहार के गोपालगंज 51,660 वोट के साथ नोटा वोट में सबसे ऊपर था।

 खरगोन में बीजेपी उम्मीदवार को लीड़
खरगोन -बड़वानी लोकसभा क्षेत्र में बीजेपी उम्मीदवार गजेन्द्र सिंह पटेल को 240814 वोट अब तक की काउंटिंग में मिले हैं। कांग्रेस के पोरलाल खरते 178629 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।

 हिमाद्री सिंह को लगातार मिल रही बढ़त
शहड़ोल में सुबह 10:45 बजे तक हिमाद्री सिंह 88673 वोट से लीड बनाए हुए है। भाजपा को कुल 155303 वोट मिले तो वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार फुंडेलाल सिंह को 66630 वोट मिले हैं। इनके अलावा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के अनिल सिंह धुर्वे को 9194, बहुजन समाजवादी पार्टी के धनीराम धुर्वे को 5897, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के समर शाह सिंह को 5026, निर्दलीय केशलकली बैगा को 2431, गुंजन सिंह को 1818, अमृत लाल सिंह को 1164, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के रविकरण सिंह धुर्वे को 1043, छत्तीसगढ़ विकास गंगा राष्ट्रीय पार्टी की डॉक्टर दुर्गावती को 867 और नोटा को 4596 वोट मिले हैं।