इम्पेक्ट न्यूज। रायगढ़। मसाला फसलों की खेती से किसानों को अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए किया जा रहा प्रोत्साहित
रायगढ़, 27 नवम्बर 2026
कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बोईरदादर रायगढ़ द्वारा किसानों को मसाला फसलों की खेती से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से धनिया के आधार बीज का वितरण किया गया। अखिल भारतीय समन्वित मसाला अनुसंधान परियोजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति उप योजना के तहत ग्राम बड़े अमकोनी, विकासखंड बरमकेला में आयोजित कार्यक्रम में 24 किसानों को प्रति किसान 5 किलोग्राम की दर से धनिया का आधार बीज प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के अधिष्ठाता एवं परियोजना के प्रमुख अन्वेषक डॉ. ए.के. सिंह ने किसानों को धनिया की उन्नत खेती, फसल उत्पादन की तकनीक और बेहतर पैदावार के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर खेती करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ग्रामीण उद्यान अधीक्षक हीरालाल देवांगन, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी विनय कुमार पटेल एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मनोज कुमार ने किसानों को मसाला फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि मसाला फसलों की खेती अपनाकर किसान अपनी आय में अतिरिक्त वृद्धि कर सकते हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अतिथि डॉ. सत्यनारायण सिंह, अतिथि शिक्षक डॉ. संजय गिलहरे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे।
इस पहल से किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराने के साथ ही मसाला फसलों की खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कृषि उत्पादन को प्रोत्साहन देने में मदद मिलेगी। स.क्र./183/ सुजीत सिंह फोटो…4
कुष्ठ रोग की समय पर पहचान और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण रायगढ़, 27 नवम्बर 2026/ राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले के सभी विकासखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को 26 एवं 27 नवंबर को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें कुष्ठ रोग के लक्षणों और उपचार की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने नर्व स्थिति की पहचान और दिव्यांगता से बचाव के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को छिपे हुए कुष्ठ रोगियों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार एमडीटी दवा का पूरा उपचार दिलाने के निर्देश दिए।
जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अविनाश चंद्रा ने प्रशिक्षण में बताया कि त्वचा पर हल्के रंग के दाग-धब्बे, प्रभावित हिस्से में स्पर्श का एहसास कम होना या समाप्त होना, नसों में सूजन अथवा मोटापन और कान में गांठ जैसे लक्षण कुष्ठ रोग के संकेत हो सकते हैं। समय पर जांच और पूरा उपचार लेने से रोग से होने वाली गंभीर जटिलताओं एवं दिव्यांगता को रोका जा सकता है।
जिला परिवार कल्याण एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.भानु पटेल ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने और लोगों को जांच के लिए प्रेरित करने कहा। प्रशिक्षण में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुरंजना पैंकरा, एनएमए मोहन साहू, दिनेश यादव एवं फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अनीता पटेल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। स.क्र./184/ सुजीत सिंह






