इम्पेक्ट न्यूज। बलरामपुर। दलहन, तिलहन और लघु धान्य फसलें समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएँगी, धान के साथ इनकी खेती अपनाने की अपील
किसानों की आय बढ़ाने और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन दलहन, तिलहन और लघु धान्य फसलों की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य ( MSP ) पर कर रहा है। उद्देश्य इन फसलों का उत्पादन बढ़ाना है, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। भारत सरकार की पीएम-आशा ( PM-AASHA ) योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2026 में दलहन और तिलहन फसलों का उपार्जन समर्थन मूल्य पर होगा।
प्रति क्विंटल दरें अरहर 8,450 रुपये, सोयाबीन 5,708 रुपये, उड़द 8,200 रुपये, मूंग 8,780 रुपये और मूंगफली 7,517 रुपये निर्धारित हैं। प्रदेश में कोदो, कुटकी और रागी जैसी पारंपरिक लघु धान्य फसलों की सरकारी खरीदी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इनकी खरीदी कोदो 3,200 रुपये, कुटकी 3,550 रुपये और रागी 5,205 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी।
रबी विपणन वर्ष 2026-27 में चना 5,875 रुपये, मसूर 7,000 रुपये और सरसों 6,200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से उपार्जित करने का प्रावधान है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे धान के साथ दलहन, तिलहन और लघु धान्य फसलों की खेती भी अपनाएँ। इससे फसल विविधीकरण बढ़ेगा, मिट्टी की उर्वरता सुधरेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
खरीदी, पंजीयन और अन्य जानकारी के लिए किसान निकटतम कृषि विभाग कार्यालय, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या प्राथमिक सहकारी समिति से संपर्क कर सकते हैं।






