इम्पेक्ट न्यूज। बलरामपुर। कलेक्टर ने बरदर धान उपार्जन केन्द्र का किया औचक निरीक्षण, अतिरिक्त भंडारण के लिए वैकल्पिक स्थान पहले से चिह्नित करने के निर्देश
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवम्बर से शुरू हो चुकी है। खरीदी केन्द्रों पर किसानों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी लगातार औचक निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित, बरदर के धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र में किसानों के पंजीयन, बारदानों की उपलब्धता, धान की तौल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने केन्द्र में धान रखने की निर्धारित क्षमता की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धान रखने के लिए वैकल्पिक स्थान पहले से चिह्नित कर लिया जाए। उन्होंने किसानों के बैठने, पेयजल और छाँव की व्यवस्था के साथ धान की गुणवत्ता जाँच और इलेक्ट्रॉनिक तौल की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी शासन की प्राथमिकता वाला कार्य है।
खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे और वास्तविक पंजीकृत किसानों से उनके पंजीकृत रकबे के अनुसार ही धान खरीदा जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने के निर्देश दिए।






