इम्पेक्ट न्यूज। कोरिया। डिजिटल जीवन प्रमाण 5.0 के लिए आठ बैंक शाखाओं को निर्देश, 30 नवंबर की स्थिति में मांगी प्रमाण पत्रों की संख्या
जिले के पेंशनर अब चेहरे के सत्यापन से घर बैठे अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे। जिले के वरिष्ठ कोषालय अधिकारी श्री सी.एस. सराफ ने 18 नवंबर को जारी पत्र में जिले की आठ बैंक शाखाओं के प्रबंधकों से कहा है कि वे पेंशनरों को "डिजिटल जीवन प्रमाण 5.0" की जानकारी दें और इस सुविधा का लाभ लेने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करें।
पत्र के अनुसार, पेंशनर मोबाइल फोन या कंप्यूटर के माध्यम से अपना जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। चेहरे के सत्यापन (फेस ऑथेंटिकेशन) पर आधारित इस सुविधा का उद्देश्य जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल बनाना है। कोषालय ने शाखा प्रबंधकों से अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और पत्र के साथ भेजे गए दिशा.निर्देशों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
यह पत्र भारतीय स्टेट बैंक की बैकुंठपुर, चरचा और पटना शाखाओं, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की बैकुंठपुर, चरचा, पटना और सोनहत शाखाओं तथा पंजाब नेशनल बैंक की बैकुंठपुर शाखा को भेजा गया है। इन शाखाओं से 30 नवंबर 2026 तक की स्थिति में जमा हुए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्रों की संख्या उपलब्ध कराने को कहा गया है।






