इम्पेक्ट न्यूज। एमसीबी। बरदर उपार्जन केंद्र में 43.20 क्विंटल धान लेकर पहुंचे किसान, बिना कतार में लगे घर बैठे मिला टोकन 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और बेहतर सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार एमसीबी/19 नवंबर 2026/
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए शुरू की गई ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से धान विक्रय की प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक हो गई है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी केंद्रों पर किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसी कड़ी में ग्राम बरदर निवासी किसान रामसजीवन अपनी 43.20 क्विंटल धान की उपज लेकर बरदर उपार्जन केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने खरीदी व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए शासन की पहल की सराहना की। किसान रामसजीवन ने बताया कि इस बार धान बेचने के लिए उन्हें टोकन प्राप्त करने हेतु लंबी कतार में खड़ा नहीं होना पड़ा। घर बैठे ऑनलाइन टोकन मिलने से समय और श्रम दोनों की बचत हुई। निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर वे आसानी से अपनी उपज बेच सके।
उन्होंने बताया कि केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, पर्याप्त बारदाना, किसानों के बैठने और शौचालय सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। सुव्यवस्थित खरीदी प्रक्रिया के कारण किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। रामसजीवन ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किए जाने से किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है। इससे खेती-किसानी के प्रति उत्साह बढ़ने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिल रही है।
उन्होंने ऑनलाइन टोकन सुविधा, पारदर्शी खरीदी व्यवस्था और किसानों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। समाचार क्रमांक/91/लोकेश/






