इम्पेक्ट न्यूज। रायपुर। कोड़ा उपार्जन केंद्र में 50 क्विंटल धान लेकर पहुंचे ग्राम मेन्ड्रा के किसान धन सिंह ने व्यवस्थाओं पर जताया संतोष
3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी एवं किसान हितैषी सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति व्यक्त किया आभार
रायपुर, 27 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धान उपार्जन केंद्रों में की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं से धान विक्रय की प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक हो रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में धान खरीदी को लेकर किसानों में उत्साह है। इसी कड़ी में ग्राम मेन्ड्रा निवासी किसान धन सिंह अपनी 50 क्विंटल धान की उपज लेकर कोड़ा धान उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने ऑफलाइन टोकन सुविधा एवं केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
किसानों की सुविधा के लिए शासन द्वारा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। किसान धन सिंह ने ऑफलाइन माध्यम से टोकन प्राप्त किया और निर्धारित तिथि पर अपनी उपज लेकर खरीदी केंद्र पहुंचे। टोकन की वैकल्पिक सुविधा से ऑनलाइन माध्यम का उपयोग नहीं करने वाले किसानों को भी धान बेचने में आसानी हो रही है। उपार्जन केंद्र में पर्याप्त बारदाने, व्यवस्थित तौल एवं किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन व्यवस्थाओं से किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा और परेशानियों से राहत मिल रही है।
50 क्विंटल धान से मिलेगी एक लाख 55 हजार रुपये की राशि
शासन द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किए जाने के फलस्वरूप किसान धन सिंह को अपनी 50 क्विंटल धान की उपज के एवज में कुल एक लाख 55 हजार रुपये की राशि प्राप्त होगी। उपज का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को कृषि संबंधी आवश्यकताओं एवं पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक संबल मिल रहा है।
किसान धन सिंह ने धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था, ऑफलाइन टोकन सुविधा तथा किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की किसान हितैषी पहल से धान बेचने की प्रक्रिया आसान हुई है और किसानों को काफी सहूलियत मिल रही है।






