इम्पेक्ट न्यूज। रायपुर। सिख धर्म के प्रथम गुरु, पूज्य गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर रविवार को निकाली गई शोभायात्रा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यालय जागृति मंडल पहुंची। यहां संघ के स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा एवं प्रभात फेरी का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि पिछले कई वर्षों से गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा और प्रभात फेरी का संघ कार्यालय जागृति मंडल पहुंचने का क्रम जारी है। इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मातृशक्ति द्वारा गुरु नानक देव जी के जीवन, उनके आदर्शों और शिक्षाओं पर आधारित प्रेरणादायक कीर्तन प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों ने पालकी साहिब पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया।
गुरु नानक देव जी के जीवन और शिक्षाओं को किया याद
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों का स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने उपदेशों के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों, भेदभाव और आडंबरों का विरोध करते हुए समानता, सत्य, सेवा तथा मानव कल्याण का मार्ग दिखाया। उनके विचार समाज को आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं।
बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस अवसर पर ब्रिजमोहन सिंह चावला, सज्जन सिंह चावला, हरजेन्दर सिंह, मुरलीधर आसीना, अशोक नामदेव, जसपाल सलूजा, मनिंदर सिंह, श्रीमती सोनिया सलूना, श्रीमती मेजित कौर चावला, श्रीमती अमनदीप कौर, अभय राम (प्रांत प्रचारक), रामेश्वर प्रसाद सिंहा, रामभरोसे सोनी, विश्वनाथ बोगी, राजेन्द्र सिंह यादव, विजय बरहिया तथा भारतभूषण वर्मा (महानगर कार्यवाह) सहित बड़ी संख्या में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






