इम्पेक्ट न्यूज डेस्क। नई दिल्ली।
भारत ने नेपाल से अपने सैन्य विमानों के लिए बागडोगरा एंट्री पॉइंट का इस्तेमाल करने की अनुमति मांगने का मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था। इन मीडिया रिपोर्टों को आधिकारिक सूत्रों ने पूरी तरह से गलत और निराधार बताया है।
न्यूज एजेंसी के अनुसार, सूत्रों ने रविवार को स्पष्ट किया कि भारत की ओर से ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया है।
यह स्पष्टीकरण नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की 22-23 नवंबर की भारत यात्री की ठीक पहले आया है। इससे पहले कुछ मीडिया रिपोर्टों में यह दावा किया गया था कि दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने की चर्चा के तहत भारत पश्चिम बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे से आने-जाने वाली नागरिक उड़ानों और सैन्य विमानों के लिए नेपाली एयरस्पेस के इस्तेमाल की अनुमति मांग रहा है।
हालांकि, सूत्रों ने सैन्य विमानों से जुड़े किसी भी प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है।
पीएम मोदी के निमंत्रण पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। 2026 में नेपाल के प्रधानमंत्री का पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा और पहला द्विपक्षीय विदेश यात्रा है।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बालेन शाह नेपाल एयरलाइंस के विमान से भारत आएंगे। इस उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में उनके साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
अपनी यात्रा के दौरान बालेन शाह 23 नवंबर को पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस बातचीत में दोनों नेताओं द्वारा भारत-नेपाल संबंधों की समीक्षा करने, अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और आपसी हित के क्षेत्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा किए जाने की उम्मीद है।


