इम्पेक्ट न्यूज। रायगढ़। 8-9 महीनों से बिजली बिल शून्य, स्वच्छ ऊर्जा अपनाकर हर महीने कर रहे बचत
रायगढ़, 29 नवम्बर 2026
घर की छत पर लगा सोलर प्लांट अब मुकेश कुमार मिंज के लिए बिजली बचत का बड़ा माध्यम बन गया है। ग्राम लक्ष्मीपुर निवासी मुकेश कुमार मिंज पहले हर महीने 1,000 से 1,200 रुपये तक बिजली बिल चुकाते थे। लेकिन प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर उन्होंने अपने घर की छत पर सोलर प्लांट स्थापित कराया। इसके बाद पिछले 8-9 महीनों से उनका बिजली बिल शून्य आ रहा है। नियमित खर्च में आई इस राहत से उनके घरेलू बजट को नई मजबूती मिली है।
मुकेश कुमार मिंज बताते हैं कि उन्हें सीएसपीडीसीएल से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली। योजना के लाभों को समझने के बाद उन्होंने अपने घर में सोलर प्लांट लगाने का निर्णय लिया। सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई और अब उन्हें हर महीने बिल चुकाने की चिंता नहीं रहती। बिजली बिल की बचत से घरेलू बजट को मिली राहत मुकेश कुमार मिंज ने बताया कि सोलर प्लांट लगने से पहले बिजली बिल उनके परिवार के लिए नियमित खर्च था।
हर महीने आने वाले बिल को चुकाना पड़ता था। अब सौर ऊर्जा से बिजली मिलने के कारण यह खर्च शून्य हो गया है। उन्होंने कहा कि सोलर प्लांट से उन्हें लगातार आर्थिक लाभ मिल रहा है और आने वाले वर्षों में भी इसका फायदा मिलता रहेगा। उन्होंने बताया कि सोलर प्लांट की उपयोगी अवधि लगभग 25 से 30 वर्ष तक हो सकती है।
स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए दूसरों को भी कर रहे प्रेरित प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से मिली राहत और बचत से उत्साहित मुकेश कुमार मिंज अब क्षेत्र के अन्य लोगों को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनका कहना है कि घर की छत पर सोलर प्लांट लगाकर बिजली खर्च कम किया जा सकता है और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शासकीय योजना का लाभ उठाकर आम परिवार अपने नियमित खर्च में बचत कर सकते हैं।
सौर ऊर्जा न केवल बिजली बिल में राहत देती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक सकारात्मक कदम है। स.क्र./198/चंद्राकर






