सुकमा के 7962 किसानों को 5 करोड़ 75 लाख 80 हजार 529 रुपए का हुआ भुगतान।
इम्पेक्ट न्यूज. सुकमा।
सुकमा जिले के 7962 किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना के पहले किस्त के तौर पर 5 करोड़ 75 लाख 80 हजार 529 रुपए का भुगतान किया गया। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डाली गई। जिले के 7962 किसानों को चार किस्तों में कुल 21 करोड़ 94 लाख 42 हजार 475 रुपए का भुगतान किया जाएगा। इंडियन नेशनल कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा राजीव गांधी किसान न्याय योजना का शुभारंभ राजधानी रायपुर से किया गया। फसल की अच्छी कीमत देकर किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रारंभ की गई इस योजना के शुभारंभ के अवसर पर सुकमा जिला कार्यालय में स्थित स्वान के वीडियो क्रांफ्रेंसिंग के जरिए इसका सजीव प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर कलेक्टर चंदन कुमार जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी उपाध्यक्ष बोड्डू राजा नगर पालिकाध्यक्ष जगन्नाथ साहू जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नूतन कुमार कंवर सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

किसान न्याय योजना के तहत जिले के किसानों को आज पहली किस्त मिली है। साथ ही आने वाले दिनों में बाकी किस्त भी मिल जाऐंगी। हमारी सरकार ने जो वादा किया था उसे पूरा किया है। इस योजना के चलते किसानों को खेती कार्य करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। और आने वाले दिनों में इसका फायदा प्रदेश को मिलेगा। – हरीश कवासी जिला पंचायत अध्यक्ष।