D-Bilaspur-DivisionDistrict bilaspur

गर्म हवाओं के साथ हीटवेव और लू जैसी स्थिति

बिलासपुर

आसमान से सूर्य की किरणें चमड़ी जला रही है। हीटवेव से मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने लगी है। दिन के साथ रात में भी गर्म हवाएं चल रही हैं। अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। नौतपा में यह दूसरी बार है जब गर्मी ने यू-टर्न लिया है।

भीषण गर्मी ने लोगों को बुरी तरह प्रभावित किया है। गर्म हवाओं के साथ हीटवेव और लू जैसी स्थिति है। दिन के साथ रात में भी उमस ने हलकान कर रखा है। इन दिनों घरों के बाहर निकलना इसलिए मुश्किल हो रहा है, क्योंकि बाहर तीव्र लू जैसी स्थिति बनी हुई है। गर्म हवाओं के कारण कूलर भी ठंडी हवा नहीं दे रहा। वहीं एसी फेल हो रहे हैं। दीवारें तप रही हैं। घरों में पानी की टंकी तक से 24 घंटे गर्म पानी आ रहा है।

गर्मी इस साल एक के बाद एक नया रिकार्ड बना रही है। 28 मई को अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, उसके बाद मामूली गिरावट के साथ 29 मई को पारा 45.4 डिग्री सेल्सियस पर उतर गया। लेकिन गुरुवार को फिर गर्मी ने यू-टर्न लिया। वापस 46.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गर्मी को लेकर आलम यह था कि सूर्योदय के साथ लोगों के पसीने छूट रहे थे। सुबह मार्निंग वाक पर निकले लोग पसीने से भीग गए थे। दिन के साथ रात में भी गर्म हवाएं चल रही थी।

मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल
गुरुवार को मानसून केरल पहुंच गया। मानसून के उत्तरी सीमा अमीनी, कन्नूर , कोयंबटूर, कन्याकुमारी, अगरतला, धुबरी है। मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियों अनुकूल हैं। मौसम विशेषज्ञ मान रहे हैं कि यही स्थिति रही तो छत्तीसगढ़ में इस साल समय के पहले मानसून दस्तक दे सकता है।

जिले में लू चलने की प्रबल संभावना
मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणिका उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल तक दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश, दक्षिण बिहार, उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल और सिक्किम होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में 31 मई को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में के मध्य और उत्तर भाग में एक दो पैकेट में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट संभावित है किंतु विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः चरम उत्तर और चरम दक्षिण भाग संभावित है।

प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम बिलासपुर 46.4 30 पेंड्रारोड 43.4 30 अंबिकापुर 43.9 29.7 माना 46 31.1 जगदलपुर 40.7 28.2

एक सप्ताह में गर्मी का ट्रेंड
तिथि अधिकतम न्यूनतम 30 मई 46.4 30 29 मई 45.4 32.4 28 मई 46.4 29.6 27 मई 43 30.2 26 मई 42.4 30.4 25 मई 40.4 28 24 मई 39.4 27.6

मौसम विभाग की चेतावनी
भीषण गर्मी के बीच हीटवेव और लू से बचने यह उपाय करना एकदम जरूरी है। घर से बाहर निकलते समय सिर को कैप से ढंकें और एक छतरी अपने साथ रखें। हल्के नम कपड़े से अपने सिर, गर्दन, चेहरे और अन्य अंगों को कवर करें। ठंडे पानी से नहाएं, हल्के कपड़े पहनें और घर में पंखे चालू रखें। बासी खाना न खाएं, साथ ही डाइट में हाई प्रोटीन फूड लेने से बचें।

ओआरएस या होम मेड ड्रिंक्स जैसे लस्सी, छाछ, राइस वाटर, लेमन वाटर वगैरह लें, जो आपके शरीर को हाइड्रेट रखने का काम करे। पार्क किए गए वाहन में अपने बच्चों या पालतू जानवरों को न छोड़ें। घर को ठंडा बनाए रखने के लिए घर में पर्दों का इस्तेमाल करें। रात के समय शटर, खिड़कियां और सनशेड को खोलकर रखें। अगर आप खुद को बीमार महसूस करते हैं या गर्मी के असर से आपको बेहोशी आती है, तो तत्काल डाक्टर से परामर्श करें। जानवरों को शेड में रखें और उन्हें इस गर्मी में पीने के लिए खूब सारा पानी दें।

आज बादल दिखेंगे पर गर्मी से राहत नहीं
मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान की मानें तो इस साल जून में भी गर्मी और लू का असर रहेगा। राहत वाली खबर ये है कि आज केरल में मानसून ने दस्तक दे दी है। इसी के साथ लोगों के बीच भी बारिश को लेकर बेसब्री बढ़ गई है। अब पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों की ओर आगे बढ़ जाएगा। मध्य जून के बाद या आखिर तक इसके उत्तर भारत के तमाम इलाकों में पहुंचने की उम्मीद है। इससे पूर्व गर्मी का असर बना रहेगा। 31 मई से आसमान में बादल नजर आएंगे।