पीएम की मुख्यमंत्रियों संग चर्चा: दो राज्यों को छोड़कर अन्य सभी ने लॉकडाउन हटाने का दिया सुझाव… जिलेवार लॉक डाउन खोलने के संकेत…

न्यूज डेस्क. नई दिल्ली।

कोरोना संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए से एक बार फिर से मुख्यमंत्रियों के साथ लॉकडाउन को लेकर चर्चा की। इसस दौरान हिमाचल और मेघालय को छोड़कर सभी राज्यों ने लॉकडाउन को खत्म करने की सलाह दी। संक्रमण के चलते जारी लॉकडाउन के दौरान उनकी मुख्यमंत्रियों के साथ यह तीसरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग है।

बैठक में तीन मुद्दों पर चर्चा हुई है। एक, राज्यों में कोरोना संक्रमण की मौजूदा स्थिति और रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयास। दूसरे 20 अप्रैल से गृह मंत्रालय द्वारा प्रदत्त छूटों के क्रियान्वयन पर राज्यों का फीडबैक और तीसरे, तीन मई के बाद की क्या रणनीति हो।देश में कोरोना संकट की शुरुआत के बाद 22 मार्च से अब तक प्रधानमंत्री मोदी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ चार बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक कर चुके हैं।

बैठक में गृह मंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री डा. हर्षवर्धन के अलावा प्रधानमंत्री कार्यालय एवं अन्य संबद्ध मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत की। इसके अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि मास्क हमारी जिंदगी का हिस्सा होना चाहिए। जहां एक तरफ हमारे सामने जिंदगियों को बचाने का लक्ष्य है तो दूसरी तरफ आर्थिक मामलों पर भी ध्यान केंद्रित करना है। हमें आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करना है और वायरस से निपटने के लिए अपनी ताकत भी बढ़ानी है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान पीएम मोदी मुख्यमंत्रियों से कहा कि अगर किसी बड़े शहर के कुछ क्षेत्र रेड जोन में हैं, तो बड़े शहर के अन्य क्षेत्रों को भी संरक्षित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि आप जमीनी वास्तविकताओं से बेहतर परिचित हैं और आप इसका आकलन कर सकते हैं।’

अपराधियों की तरह नहीं देखे जाएं कोरोना के मरीज: मुख्यमंत्रियों से बोले PM मोदी

पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों से कहा कि लंबे समय से कोरोना हमारे जीवन का एक हिस्सा बन गया है। कोरोना के खतरे को देखते हुए हम सभी को सोशल डिस्टेंसिंग से समझौता नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘हम सभी के लिए ‘दो गज दूरी’ एक मंत्र बन जाना चाहिए।’ इस बैठक की जानकारी रखने वाले लोगों ने हमारे सहयोगी अखबार एचटी को बताया कि पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों से कहा है कि जो लोग कोरोना के संपर्क में आए हैं, उन्हें अपराधियों की तरह नहीं देखा जाना चाहिए। पीएम मोदी ने आश्वासन दिया कि यदि विशेष क्षेत्र के मामलों में तेजी आती है, तो उस राज्य को दोषी के रूप में नहीं देखा जाएगा।

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!