इम्पेक्ट न्यूज। बिलासपुर।
रनवे विस्तार के लिए 63 करोड़ और एटीसी टावर के लिए 40 करोड़ का प्रस्ताव चार महीने से लंबित, हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महाधरना जारी
बिलासपुर। बिलासपुर के बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट के विकास और हवाई सेवाओं के विस्तार की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र में प्रस्तुत होने वाले अनुपूरक बजट में एयरपोर्ट के लिए 103 करोड़ रुपये का प्रावधान करने की मांग की है। समिति के अनुसार, रनवे विस्तार के लिए 63 करोड़ और नए एटीसी टावर के निर्माण के लिए 40 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पिछले चार महीने से शासन स्तर पर लंबित है।
रनवे विस्तार के बिना बड़े विमानों का संचालन मुश्किल
समिति का कहना है कि रनवे का विस्तार किए बिना बिलासपुर से पर्याप्त हवाई सेवाएं शुरू करना संभव नहीं है। वर्तमान में एयरपोर्ट से केवल एटीआर-72 विमान संचालित हो रहे हैं। गर्मियों में ये विमान भी पूरी क्षमता के साथ उड़ान नहीं भर पाते।
रनवे विस्तार के लिए आवश्यक जमीन पिछले एक साल से उपलब्ध है, लेकिन बजट के अभाव में निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। लोक निर्माण विभाग ने करीब चार महीने पहले 63 करोड़ रुपये का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा था, जो अब तक मंत्रालय स्तर पर लंबित है।
स्थायी एटीसी टावर की भी जरूरत
एयरपोर्ट पर स्थायी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर नहीं होने से भी हवाई सेवाओं के विस्तार में बाधा आ रही है। इसके निर्माण के लिए 40 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भी लंबित है। समिति ने दोनों प्रस्तावों को अनुपूरक बजट में शामिल कर तत्काल राशि स्वीकृत करने की मांग की है।
महाधरना जारी, आंदोलन में शामिल हुए लोग
एयरपोर्ट के विकास और नियमित हवाई सेवाओं की मांग को लेकर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महाधरना जारी रहा। धरने में रवि बनर्जी, बद्री यादव, अनिल गुलेरी, ऋषिराज सिंह गौतम, मोहन जायसवाल, शिरीष कश्यप, प्रकाश बहलरानी, समीर अहमद ‘बबला’, देवेंद्र सिंह ठाकुर, प्रतीक तिवारी, डॉ. प्रदीप राही, पंकज सिंह ठाकुर, संदीप बाजपेयी, मजहर खान, संतोष पिपलवा, अखिल अली और मोहसिन अली सहित अन्य लोग शामिल हुए।






