इम्पेक्ट न्यूज। धमतरी। पारदर्शी नीलामी व्यवस्था और बाजार में बढ़ी मांग से किसानों को मिल रहा उपज का बेहतर मूल्य
धमतरी 29 नवंबर 2026
जिले की कृषि उपज मंडी समिति धमतरी एवं कुरूद में इस वर्ष धान की आवक और उसके विक्रय मूल्य में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। मंडियों में धान की विभिन्न किस्मों को मिल रहे बेहतर दाम, पारदर्शी नीलामी व्यवस्था तथा शासन द्वारा धान के समर्थन मूल्य में की गई वृद्धि से किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है। इसके परिणामस्वरूप किसान समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के साथ-साथ खुले बाजार में भी अपनी उपज बेचने के लिए कृषि उपज मंडियों की ओर रुख कर रहे हैं।
समर्थन मूल्य में 72 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि
शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान के समर्थन मूल्य में गत वर्ष की तुलना में 72 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। इसके तहत धान की ग्रेड-ए किस्म का समर्थन मूल्य 2,461 रुपये तथा कॉमन किस्म का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। समर्थन मूल्य में वृद्धि से किसानों को उनकी उपज का बेहतर प्रतिफल सुनिश्चित करने की दिशा में सहायता मिल रही है।
मंडी में धान की विभिन्न किस्मों को मिल रहे बेहतर दाम
कृषि उपज मंडी धमतरी एवं कुरूद में प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत वर्ष धान की ग्रेड-ए किस्म का न्यूनतम मूल्य 1,600 रुपये तथा अधिकतम 2,500 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया था। वहीं वर्तमान वर्ष में इसका मूल्य बढ़कर न्यूनतम 1,720 रुपये से अधिकतम 4,245 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है।
इसी प्रकार ग्रेड-कॉमन (मोटा धान) का मूल्य गत वर्ष 1,760 से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के बीच था, जो इस वर्ष बढ़कर 1,800 से 3,200 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किया गया है। महामाया किस्म के धान को लगभग 3,000 से 3,200 रुपये प्रति क्विंटल तथा श्रीराम, ओम-3 और आरबी गोल्ड जैसी पतली किस्मों को 3,000 से 4,500 रुपये प्रति क्विंटल तक कीमत मिल रही है। विशेषकर गुणवत्ता एवं मांग के अनुरूप विभिन्न किस्मों के धान को मिल रहे बेहतर दाम से किसानों को आर्थिक लाभ के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
बाजार में मांग और कृषक उन्नति योजना का भी मिल रहा लाभ
मंडी में धान की आवक एवं कीमतों में वृद्धि के पीछे बाजार में बढ़ी मांग भी एक प्रमुख कारण है। मंडी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पड़ोसी राज्यों कर्नाटक, तेलंगाना एवं ओडिशा में अलनीनो के प्रभाव से उत्पादन प्रभावित होने के कारण धान की मांग में वृद्धि हुई है। इसका असर बाजार दरों पर भी दिखाई दे रहा है।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ शासन की कृषक उन्नति योजना भी किसानों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रही है। योजना के प्रावधानों के अनुसार, निर्धारित पात्रता एवं अधिकतम सीमा के अनुरूप आदान सहायता का लाभ मिलने की व्यवस्था से किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। मंडी में प्रचलित बेहतर बाजार दरों और योजना के तहत मिलने वाली सहायता के कारण किसानों को अपनी उपज के विक्रय के लिए विकल्प उपलब्ध हो रहे हैं। इससे कृषि उपज मंडियों में धान विक्रय के प्रति किसानों का रुझान बढ़ा है।
पारदर्शी नीलामी, सही तौल और समय पर भुगतान पर जोर
कृषि उपज मंडी समिति धमतरी एवं कुरूद द्वारा मंडी प्रांगण तथा सौदा पद्धति, दोनों माध्यमों से धान का क्रय-विक्रय नीलामी प्रक्रिया के जरिए कराया जा रहा है। इस व्यवस्था में किसानों को प्रतिस्पर्धात्मक बोली के माध्यम से बेहतर मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। साथ ही सही तौल, पारदर्शी प्रक्रिया और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंडी की यह व्यवस्था किसानों को अपनी उपज का मूल्य स्वयं समझने, विभिन्न खरीदारों की बोलियों के आधार पर उचित दर प्राप्त करने तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से विक्रय करने में सहायक बन रही है। इससे मंडी व्यवस्था के प्रति किसानों का विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
कृषि उपज मंडी समिति धमतरी ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज की गुणवत्ता, बाजार में प्रचलित दरों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेकर अपनी सुविधानुसार नजदीकी कृषि उपज मंडी धमतरी अथवा कुरूद में धान का विक्रय करें। मंडी समिति द्वारा किसानों को बेहतर विपणन सुविधा, पारदर्शी नीलामी, उचित तौल एवं समयबद्ध भुगतान उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। क्रमांक 178/1443/ पाराशर//






