इम्पेक्ट न्यूज डेस्क। ठाणे। महाराष्ट्र के भिवंडी में लोगों को रोड साइड खाना काफी महंगा पड़ गया। भिवंडी में सड़क किनारे लगे एक स्टॉल से चिकन शावरमा खाने के बाद संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है।
वंजार पट्टी नाका के पास स्थित स्टॉल से शावरमा खाने के बाद कम से कम 43 लोग बीमार पड़ गए हैं। इनमें 10 बच्चे और एक गर्भवती महिला भी शामिल हैं।
प्रभावित लोगों में 17 पुरुष, 16 महिलाएं और 10 बच्चे (दो से 40 साल की उम्र के) हैं। शावरमा खाने के कुछ समय बाद कई लोगों में उल्टी, दस्त, बुखार और पेट दर्द के लक्षण दिखे।
सभी मरीजों को इंदिरा गांधी मेमोरियल (आईजीएम) सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार मरीजों की हालत स्थिर है।
कुछ मरीजों ने बताया कि उन्होंने सोमवार रात शावरमा खाया था और अगले दिन उनकी तबीयत बिगड़ गई। एक मरीज ने कहा कि वह खड़े भी नहीं हो पा रहा था और अस्पताल पहुंचने के बाद पता चला कि उसी स्टॉल से खाने वाले कई और लोग भी बीमार पड़े हैं।
घटना के बाद भिवंडी-निजामपुर म्युनिसिपल कॉरपोरेशन ने अवैध स्टॉल को तोड़ दिया है। स्टॉल मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के नियमों के तहत निजामपुरा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। मालिक फरार बताया जा रहा है।




