इम्पेक्ट न्यूज। नारायणपुर। नारायणपुर, 26 नवम्बर 2026
संविधान दिवस के अवसर पर आज जिला कार्यालय नारायणपुर में कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार संविधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर दुष्यंत कुमार कोशले ने जिला कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया तथा संविधान में निहित मूल आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का वाचन करते हुए भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा देश के सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा एवं अवसर की समता सुनिश्चित करने, साथ ही व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए आपसी भाईचारे एवं बंधुता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
प्रत्येक वर्ष 26 नवम्बर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे पूर्ण रूप से लागू किया गया। संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य नागरिकों को संविधान के महत्व, उसमें निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर डिप्टी कलेक्टर सौरभ दीवान, महेंद्र सिदार, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ पाण्डेय, जिला खाद्य अधिकारी अल्लाउदीन खान, जिला आबकारी अधिकारी एस आर भाण्डेकर सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कच्छप/सुरेश्वर/938






