इम्पेक्ट न्यूज। अम्बिकापुर। संविधान दिवस पर ग्रामीणों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, जल संरक्षण एवं स्वच्छता का लिया संकल्प
अम्बिकापुर 26 नवम्बर 2026
संविधान दिवस के अवसर पर सरगुजा जिले के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर संविधान के प्रति जागरूकता एवं जल संरक्षण का संदेश दिया गया। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन तथा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरोमा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
अमृत सरोवर तटों पर चलाया गया स्वच्छता अभियान जिले के सभी अमृत सरोवर तटों पर स्थानीय जनभागीदारी से साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इसके पश्चात आयोजित कार्यक्रमों में उपस्थित ग्रामीणों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। साथ ही जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ ली। इस दौरान ग्रामीणों को संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी भी दी गई। सभी ने अपने जलस्रोतों को स्वच्छ रखने तथा वर्षा जल के संरक्षण का संकल्प लिया।
’बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर को किया नमन’ ग्राम पंचायतों में भी संविधान दिवस के अवसर पर भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात ग्राम पंचायतों एवं अमृत सरोवर तटों पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को संविधान के मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
’जनभागीदारी से जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश’ आयोजित कार्यक्रमों में सरपंच, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, ग्रामीण जनप्रतिनिधि, ग्रामीण नागरिक, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, युवा एवं वीबी-जी राम जी के श्रमिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रमों के माध्यम से सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए जलस्रोतों की स्वच्छता, वर्षा जल संरक्षण और संविधान के प्रति सम्मान का संदेश दिया। —00— समाचार क्रमांक 139/2026/लोन्हारे






