पामेड़ क्षेत्र के 35 गांवों के 500-600 किसानों का एग्रीस्टैक में पंजीयन नहीं, प्रशासन से तत्काल पहल की मांग
इम्पेक्ट न्यूज़। बीजापुर। पामेड़ क्षेत्र के नए वनाधिकार पट्टाधारी किसानों के धान पंजीयन का मामला अब राजनीतिक स्तर पर भी उठने लगा है। जिला कांग्रेस कमेटी की 28 नवंबर की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शनिवार को बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने पामेड़ में प्रभावित किसानों से मुलाकात की और जिला प्रशासन से उनके नाम तत्काल एग्रीस्टैक पोर्टल पर दर्ज कराने तथा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की।
गौरतलब है कि 26 नवंबर को सीजी इम्पेक्ट ने पामेड़ क्षेत्र के करीब 35 गांवों में 500 से 600 नए वनाधिकार पट्टों के वितरण के बावजूद किसानों का पंजीयन अटकने की समस्या प्रमुखता से प्रकाशित की थी। किसानों ने कलेक्टर के नाम आवेदन देकर पंजीयन की मांग की थी।
जमीन का अधिकार मिला, लेकिन उपज बेचने का संकट बरकरार
विधायक मंडावी ने कहा कि वन अधिकार अधिनियम के तहत किसानों को खेती की जमीन का पट्टा मिला है, लेकिन एग्रीस्टैक पोर्टल पर नाम दर्ज नहीं होने के कारण वे धान पंजीयन नहीं करा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वनाधिकार पट्टाधारी किसानों के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए और उन्हें अन्य किसानों की तरह समर्थन मूल्य पर धान बेचने का अवसर मिलना चाहिए।
किसानों को आर्थिक नुकसान और कर्ज की चिंता
किसानों ने विधायक को बताया कि पंजीयन नहीं होने से सरकारी खरीदी का लाभ नहीं मिल रहा है। समय रहते समाधान नहीं होने पर आर्थिक नुकसान और कर्ज का दबाव बढ़ने की आशंका है। पूर्व में किसानों ने सीजी इम्पेक्ट को बताया था कि तेलंगाना के बिचौलियों के हाथों 800 से 900 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान बेचने की मजबूरी पैदा हो सकती है।
कलेक्टर ने दिया था पंजीयन के प्रयास का भरोसा
26 नवंबर की मूल खबर में कलेक्टर विश्वदीप ने बताया था कि जिले में 20 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन हो चुका है और शेष किसानों को भी खरीदी व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने नियम विरुद्ध धान खरीदी के मामलों में कार्रवाई की बात भी कही थी। प्रभावित किसानों के पंजीयन की वर्तमान स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
प्रशासन की पहल का इंतजार
अब किसानों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। सवाल है कि इन किसानों का एग्रीस्टैक और धान पंजीयन कब तक पूरा होगा और क्या मौजूदा खरीफ विपणन सत्र में उन्हें सरकारी खरीदी का लाभ मिल सकेगा।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम, ब्लॉक कांग्रेस उसूर के अध्यक्ष मनोज अवलम, कांग्रेस नेता गुड्डू कोरसा, जनपद सदस्य अनिता तेलम, वीरेंद्र वासम, मुन्ना कुरसम, टी. सतीश, सुमन कोप्पुल, परीक्षित के. जी., पब्बा लक्ष्मैया, शंकर खटबीना सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: 26 नवंबर की मूल खबर : नए वनाधिकार पट्टाधारकों का एग्रीस्टैक में पंजीयन नहीं, धान बेचने का संकट




