बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के मुताबिक भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास के जंगल से माओवादियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सोने और नकदी की कुल अनुमानित कीमत करीब 4.53 करोड़ रुपये है।
संयुक्त सर्चिंग अभियान में मिली सफलता
पुलिस के अनुसार 28 नवंबर 2026 को जंगल में माओवादी डंप छिपाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविंद्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, भैरमगढ़ थाना पुलिस और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया स्टील का डिब्बा बरामद किया गया।
33 सोने के बिस्किट और 24.22 लाख रुपये नकद मिले
पुलिस के मुताबिक डिब्बे में 10-10 तोले के 33 सोने के बिस्किट मिले, जिनका कुल वजन 330 तोला यानी करीब 3.84 किलोग्राम है। सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 500 रुपये के नोटों में कुल 24,22,500 रुपये नकद बरामद किए गए।
बरामद सोने और नकदी के संबंध में भैरमगढ़ थाने में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अब तक 12.34 किलो सोना और 8.24 करोड़ रुपये नकद बरामद
पुलिस के अनुसार बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई के दौरान अलग-अलग माओवादी डंप से अब तक कुल 12.34 किलोग्राम सोना और 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं। इन बरामदगियों को माओवादियों के आर्थिक नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।




