इम्पेक्ट न्यूज डेस्क। नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को भगवान शिव और माता पार्वती की मूर्ति अर्धनारीश्वर का पोस्ट साझा किया। साथ ही भाजपा और आरएसएस पर कई सारे गंभीर आरोप भी लगाए। इसके बाद इस पोस्ट ने देशभर की सियासत में गर्माहट तेज कर दी है।
इसकी वजह है कि राहुल गांधी के इस पोस्ट पर अब भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी के मन में सनातन धर्म के प्रति जन्मजात नफरत है।
मामले में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। भंडारी ने कहा कि भारत को ऐसे व्यक्ति के उपदेशों की जरूरत नहीं है, जिसने वोट बैंक की राजनीति के लिए हिंदुओं को हिंसक कहा और पाकिस्तान को क्लीन चिट दी।
अपने बयान में भंडारी ने आरोप लगाया कि वे राहुल गांधी को जितना सुनते हैं, उतना ही यह महसूस होता है कि उनके भीतर सनातन के प्रति गहरी नफरत भरी है। भंडारी ने याद दिलाया कि इनके गठबंधन ने पहले सनातन धर्म को डेंगू और मलेरिया तक कहा था।
दूसरी तरफ राहुल गांधी द्वारा भाजपा और आरएसएस को पुरुषवादी मानसिकता वाला बताए जाने पर अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने भी पलटवार किया। कंगना ने कांग्रेस पर महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने और इसके लागू होने में अड़ंगा लगाने का आरोप लगाया।
कंगना रनौत ने सवाल उठाया कि यदि भाजपा पुरुष-प्रधान होती, तो वह महिला आरक्षण विधेयक के लिए लड़ाई क्यों लड़ती? उन्होंने कहा कि असल में महिला-विरोधी मानसिकता कांग्रेस की है, जो इस बिल का विरोध कर रही है।
गौरतलब है कि इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई, जब राहुल गांधी ने 12वीं सदी के एक मंदिर की मूर्ति की तस्वीर साझा की, जिसमें माता पार्वती भगवान शिव की गोद में बैठी दिखाई दे रही हैं। इस तस्वीर के साथ राहुल गांधी ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए उन्हें असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी मानसिकता वाला बताया। साथ ही कहा कि उन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की कोई समझ नहीं है।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में आगे लिखा था कि डर, गुस्से और नफरत ने भाजपा और संघ समर्थकों के बीच एक दीवार खड़ी कर दी है। उन्होंने कहा कि एक सच्चे हिंदू के रूप में यह मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से मुक्त करूं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की खूबसूरती और आनंद का अनुभव कर सकें। सत्यम शिवम सुंदरम।




