इम्पेक्ट न्यूज डेस्क। दिल्ली। भारत में शादी का मौसम अब जोरों पर है। 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक के महज 25 दिनों में देशभर में करीब 52 लाख शादियां होने की उम्मीद है। इससे लगभग 7.5 लाख करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है।
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) के अनुसार, इस पूरी अवधि में दिल्ली-एनसीआर सबसे बड़ा बाजार बनेगा। यहां करीब 5 लाख शादियां होंगी और लगभग 2.5 लाख करोड़ का कारोबार होने की संभावना है।
सीएआईटी के शोध विंग ने 25 राज्यों के 300 से ज्यादा व्यापारिक नेताओं और 550 व्यापार संघों से बातचीत के बाद ये अनुमान जारी किए हैं।
इस शादी सीजन में करीब 1.25 करोड़ अस्थायी, मौसमी और पार्ट-टाइम रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। कैटरिंग, सजावट, होटल, परिवहन, फोटोग्राफी, इवेंट मैनेजमेंट और ब्यूटी सेवाओं में सबसे ज्यादा मांग रहेगी।
दिल्ली-एनसीआर के चांदनी चौक, सदर बाजार, करोल बाग, लाजपत नगर, गांधी नगर और खारी बावली जैसे बाजारों में व्यापार काफी तेज रहने की संभावना है।
सीएआईटी के अनुसार, साधारण शादियों का बजट 4-5 लाख से शुरू होकर प्रीमियम शादियों में 4-5 करोड़ या उससे भी ज्यादा तक पहुंच सकता है।
यह आंकड़ा पिछले वर्षों की तुलना में काफी बढ़ा हुआ है। 2022 में शादी से जुड़ा कारोबार 3.75 लाख करोड़ था, जो 2025 में बढ़कर 6.5 लाख करोड़ हो गया था।



