इम्पेक्ट न्यूज। राजनांदगांव। – ऑनलाइन आवेदन एवं व्हाट्सएप पर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की सुविधा
राजनांदगांव 20 नवम्बर 2026।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी सेवा सेतु एवं डिप्टी कलेक्टर अभिषेक तिवारी द्वारा जिला कार्यालय स्थित सेवा सेतु केन्द्र का निरीक्षण किया गया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान सेवा सेतु केन्द्र में नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केन्द्र में प्राप्त आवेदनों, उनके निराकरण की स्थिति तथा नागरिकों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
सेवा सेतु केन्द्र में आने वाले नागरिकों को शासन की विभिन्न सेवाओं का लाभ सरल, सुगम एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान ई-डिस्ट्रिक्ट सहायक प्रबंधक आशीष स्वर्णकार एवं सेवा सेतु प्रबंधक उपस्थित थे। जिला मुख्यालय राजनांदगांव में सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला मुख्यालय आने वाले नागरिकों को आवश्यक प्रमाण-पत्र, महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं लाइसेंस संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर प्राप्त होने से सुविधा मिल रही है। शासन की मंशा के अनुरूप नागरिकों को पारदर्शी, सरल एवं सहज सेवाएं उपलब्ध कराया जा रहा है। सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से नागरिकों को आय, जाति, निवास, विवाह पंजीयन एवं प्रमाण-पत्र तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसके साथ ही राजस्व एवं भूमि संबंधी सेवाओं अंतर्गत भू-अभिलेखों की प्रतिलिपि, भूमि उपयोग संबंधी जानकारी एवं नाम परिवर्तन से संबंधित सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं। नगरीय प्रशासन से जुड़ी सेवाओं में गुमास्ता (ट्रेड लाइसेंस), नल कनेक्शन हेतु आवेदन तथा ठेकेदारों के ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध है। शासकीय सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं सुलभ बनाने के लिए सेवा सेतु केन्द्रों के माध्यम से ऑनलाइन सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
नागरिक सेवा सेतु ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं पंजीयन कर विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रमाण-पत्रों में क्यूआर कोड की सुविधा होने से दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन आसान हुआ है तथा उनकी प्रामाणिकता सुनिश्चित करने में सहायता मिल रही है। एसएमएस के माध्यम से आवेदन की स्थिति की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही व्हाट्सएप के माध्यम से भी प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकते है। क्रमांक 78 —————–






