अपडेट : गर्भवती को पीटने के मामले में पीड़िता और आरोपी दोनों के खिलाफ पुलिस ने किया मामला दर्ज… शहरवासी बोले- FIR के नाम पर हो रही खानापूर्ति…
इम्पैक्ट डेस्क.
दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल में मामूली विवाद के चलते मामा और उसके परिवार के सदस्यों ने अपनी भांजी और बहन की बेरहमी दे पिटाई की है। 8 महीने की गर्भवती भांजी और उसकी मां को लात-घूंसे के साथ डंडे, पत्थर से मारा है। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुईं हैं। जिनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने काउंटर FIR दर्ज की है।
खबर पर प्रतिक्रिया देते कलेक्टर विनीत नंदनवार ने इम्पेक्ट से कहा कि इस संबंबंध में उन्हें पुलिस विभाग ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी है। साथ ही आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।
मामला किरंदुल थाना क्षेत्र का है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, किरंदुल शहर के मेन मार्केट में रहने वाले सरोज गुप्ता और उसकी बहन का घर आस-पास में ही है। बताया जा रहा है कि, सरोज गुप्ता अपने घर के बाहर कुछ काम कर रहा था और उसकी गर्भवती भांजी अपने घर के बाहर हाथ में मोबाइल पकड़कर खड़ी हुई थी। यह देख सरोज गुप्ता को लगा कि उसकी भांजी उसका वीडियो बना रही है।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि, दोनों पक्षों के परिवार के सदस्य भी बाहर निकल आए और मारपीट शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। दोनों पक्षों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज किया गया है। इधर, पिटाई से घायल हुईं दोनों महिलाओं को किरंदुल के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल गर्भवती के सिर में गहरी चोट आई है। जिनका इलाज चल रहा है। इस मामले में शहरवासियों का कहना है कि, पुलिस ने FIR के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की है।
