CrimeNational News

22 हजार में बच्चा खरीद कर मुंबई ले जा रही थी महिला… एयरपोर्ट पर मानव तस्करी के आरोप में CISF ने पकड़ा…

इंपेक्ट डेस्क.

झारखंड में मानव तस्करी का मामला सामने आया है। रांची एयरपोर्ट पर गुरुवार को जांच के दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने एक महिला को नवजात शिशु के साथ पकड़ा। जब वह बच्चे का नाम नहीं बता पाई तो जवानों को शंका हुई। टिकट चेक किया तो उसमें बच्चे का जिक्र भी नहीं था। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला का नाम निखत परवीन (36) है। उसने नवजात शिशु को सोनाहातू की रतनी देवी से 22 हजार रुपये में खरीदा था। परवीन ने बताया कि उसे बगोदर की एक महिला से रतनी को जुड़वां बच्चे होने की जानकारी मिली थी। 

मुंबई में रहता है पति, फ्लाइट से आई थी रांची
आरोपी परवीन का पति जावेद शेख मुंबई के ठाकुरपाड़ा में रहता है। पुलिस ने परवीन को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उससे बरामद बच्चे को पुलिस ने बाल आश्रय गृह भेजा है। परवीन 11 जनवरी को मुंबई से फ्लाइट से 11 जनवरी को अकेली रांची पहुंची थी, लेकिन 13 जनवरी को तीन दिन के दूध पीते बच्चे को साथ लेकर वापस फ्लाइट से मुंबई जाने एयरपोर्ट पहुंची थी।

लड़के की चाहत के चलते खरीदा बच्चा या गिरोह की सदस्य?
महिला परवीन को कोई लड़का नहीं है, उसकी दो बेटियां हैं। उसका पति एक होटल में कर्मचारी है। पुलिस उसके किसी बच्चा चोर गिरोह से जुड़े होने की भी पड़ताल कर रही है। 
अब महिला के पते का सत्यापन करने के लिए पुलिस की टीम को मुंबई भेजा जाएगा। 

मां ने लाड़ले को क्यों बेचा, यह भी होगी जांच
इसके अलावा बच्चा बेचने वाली महिला के भी बयान लिए जाएंगे कि आखिर उसने क्यों अपने लाड़ले को बेचा? क्या उसने गरीबी के कारण यह कदम उठाया? या किसी अन्य कारण से उसने बच्चे को बेचा?

error: Content is protected !!