सात छात्राओं ने की शिकायत, मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान; जांच और कड़ी कार्रवाई के निर्देश
इम्पेक्ट न्यूज़ | बीजापुर।
भोपालपटनम ब्लॉक के रुद्रारम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार और आपत्तिजनक स्पर्श का गंभीर मामला सामने आया है। विद्यालय की छात्राओं ने कंप्यूटर शिक्षक पर गलत तरीके से छूने और परेशान करने का आरोप लगाते हुए स्कूल प्रबंधन के समक्ष लिखित शिकायत की है। मामले में पुलिस ने भी प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय की सात छात्राओं ने शिक्षक के व्यवहार को लेकर शिकायत की है। आरोप है कि पीजीडी कंप्यूटर साइंस शिक्षक छात्राओं को गलत नीयत से छूता था और अलग-अलग मौकों पर उन्हें परेशान करता था।
मामले में 14 वर्षीय एक छात्रा की मां ने 12 सितंबर को भोपालपटनम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दय्या पर छात्रा को गलत नीयत से आपत्तिजनक तरीके से छूने तथा अलग-अलग अवसरों पर छेड़छाड़ का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75(1)(i) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।
मुख्यमंत्री ने दिए गंभीर जांच के निर्देश
मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने बीजापुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को मामले की गंभीरता से जांच करने तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पांच सदस्यीय जांच टीम गठित
विद्यालय प्रबंधन की ओर से भी मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है। प्राचार्य के अनुसार छात्राओं की शिकायत की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है।
बताया जा रहा है कि शिकायत सामने आने के बाद संबंधित शिक्षक विद्यालय में अनुपस्थित है। स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात भी कही है।
विद्यालय में पढ़ते हैं 343 आदिवासी विद्यार्थी
रुद्रारम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में करीब 343 आदिवासी विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। छात्राओं से जुड़ा मामला सामने आने के बाद अभिभावकों में भी नाराजगी है। पालकों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस जांच और विद्यालय स्तर पर गठित समिति की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






